आगरा। थाना न्यू आगरा पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर नाबालिग बालिका के साथ छेड़छाड़ व मारपीट करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। विजय नामक युवक पर आरोप था कि वह 17 वर्षीय किशोरी का पीछा करता था और अभद्र टिप्पणी करता था। विरोध करने पर आरोपी ने किशोरी और उसकी मां के साथ मारपीट कर दी, जिससे दोनों को गंभीर चोटें आईं।
घटना की शिकायत पर थाना न्यू आगरा में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। प्रभारी निरीक्षक राजीव त्यागी के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी विजय कुमार पुत्र शिवचरन सिंह निवासी ग्राम जुगेनिया, थाना सिकंदरा को दयालबाग की ओर जाते समय दबोच लिया।
आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 382/25 धारा 78/115(2) बी.एन.एस. एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 में पंजीकृत किया गया है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजकुमार सिंह, जोगेंद्र सिंह और अनिल राठौर शामिल रहे। थाना न्यू आगरा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।





