आगरा। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के अंतर्गत ब्रज क्षेत्र की क्षेत्रीय कार्यशाला का आयोजन एमपीएस स्कूल में किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्ग विजय सिंह शाक्य ने की, जबकि उद्घाटन जोन सह संयोजक प्रशिक्षण राजू भंडारी ने किया। कार्यशाला में ब्रज क्षेत्र के 19 जिलों से कुल 602 कार्यकर्ताओं की अपेक्षित भागीदारी निर्धारित की गई थी। प्रत्येक जिले से लगभग 30 से 35 कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण के लिए आमंत्रित किया गया।
सात कक्षों में हुआ प्रशिक्षण
प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत सात अलग-अलग कक्ष बनाए गए, जिन्हें महापुरुषों के नाम पर समर्पित किया गया। इनमें पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार कक्ष, शिवाजी कक्ष, कुशाभाऊ ठाकरे कक्ष, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी कक्ष, महाराणा प्रताप कक्ष, अटल बिहारी वाजपेई कक्ष और बाबू कल्याण सिंह कक्ष शामिल रहे। सातों कक्षों में सात प्रमुख वक्ताओं ने अपने-अपने विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। प्रशिक्षण के मुख्य विषयों में भाजपा का इतिहास और विकास, वैचारिक अधिष्ठान, कार्य पद्धति, कार्य विस्तार की दृष्टि, बूथ प्रबंधन (मन की बात, टिफिन बैठक, बूथ स्तरीय स्थायी कार्यक्रम), सरकार की उपलब्धियां एवं क्रियान्वयन, तथा सोशल मीडिया, नमो ऐप, सरल ऐप और आईटी के उपयोग जैसे विषय शामिल रहे।
केंद्रीय नेतृत्व की प्राथमिकता
कार्यशाला के समापन सत्र को संबोधित करते हुए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व प्रशिक्षण महाअभियान को लेकर गंभीर है। देशभर में 18 करोड़ से अधिक कार्यकर्ताओं वाले संगठन में प्रशिक्षण के माध्यम से विचार और संगठन की रीति-नीति को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मिशन 2047 विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए पार्टी के विषयों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाना प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
अनुशासन और संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण पर जोर
वक्ताओं ने जिलों से आए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देते हुए निर्देश दिया कि जब वे अपने-अपने मंडलों में प्रशिक्षण के लिए जाएं, तो अनुशासन और संगठन की कार्यपद्धति का विशेष ध्यान रखें। प्रशिक्षित कार्यकर्ता मंडल स्तर पर अन्य कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करेंगे और संगठन की नीति एवं मार्गदर्शन के अनुरूप कार्य करने की प्रेरणा देंगे।
मंच पर रहे वरिष्ठ नेता
कार्यक्रम में ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्ग विजय सिंह शाक्य, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं ब्रज क्षेत्र प्रभारी संतोष सिंह, अशोक कटारिया, मानवेंद्र सिंह, राजेंद्र अग्रवाल, कामेश्वर मिश्र सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। संचालन ब्रज क्षेत्र महामंत्री राकेश मिश्रा ने किया। इसके अतिरिक्त सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, भाजपा ब्रज क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवल तिवारी, विभिन्न जिलों के अध्यक्ष, विधायकगण एवं बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यशाला के सफल आयोजन में विभिन्न पदाधिकारियों ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली, जिनमें पंजीकरण, भोजन, मीडिया, आवास, सुरक्षा, स्वच्छता एवं मंच व्यवस्था प्रमुख रूप से शामिल रही।




