गंगा दशहरा का उत्साह: यमुना के घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, शिव मंदिरों में भक्ति की लहर

आगरा। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर आगरा में यमुना के घाट आस्था और उत्साह के रंग में रंगे नजर आए। सुबह की पहली किरण के साथ ही श्रद्धालुओं का हुजूम यमुना के तट पर उमड़ पड़ा। हाथी घाट, दशहरा घाट, पार्वती घाट और बल्केश्वर घाट पर तड़के 5 बजे से ही स्नान और पूजा-अर्चना का दौर शुरू हो गया। भगवान शिव के मंदिरों में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगीं, तो घाटों पर भंडारों की रौनक ने पर्व की शोभा को और बढ़ा दिया।

हाथी घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। कुछ ने यमुना में डुबकी लगाकर पुण्य कमाया, तो कुछ ने जल कम और प्रदूषित होने के कारण आचमन कर यमुना को प्रणाम किया। श्रद्धालुओं ने यमुना के जल के छींटे अपने ऊपर डालकर आस्था का भाव प्रकट किया। घाटों पर सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहा, और नगर निगम ने बैरिकेडिंग के साथ विशेष सफाई अभियान चलाया, जिससे घाट स्वच्छ और सुरक्षित रहे।

शिव मंदिरों में उमड़ा भक्तों का रेला गंगा दशहरा के इस पवित्र दिन मंदिरों में भी भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। भगवान शिव के दर्शन के लिए श्रद्धालु सुबह से ही मंदिरों की ओर उमड़ पड़े। जगह-जगह भंडारों का आयोजन हुआ, जहां प्रसाद वितरण के साथ दान-पुण्य का दौर चला। इस दौरान तरबूज और खरबूज की बिक्री ने भी बाजार में रौनक ला दी।

सुरक्षा और स्वच्छता का विशेष ध्यान यमुना के घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए। बैरिकेडिंग के साथ-साथ क्षेत्रीय अधिकारियों की देखरेख में घाटों की गहन सफाई कराई गई। हालांकि, कैलाश घाट पर चल रहे जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्य के कारण वहां स्नान पर रोक रही। जिलाधिकारी के निर्देश पर इस घाट पर स्नान की अनुमति नहीं दी गई, ताकि किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके।

Leave a Comment