यूपी में पुलिस भर्ती का नया रिकॉर्ड: BJP सरकार में सपा से चार गुना अधिक भर्तियां, 24 हजार नए पदों में 4 हजार महिलाओं को मौका

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की BJP सरकार ने पुलिस भर्ती में सपा सरकार को चार गुना पीछे छोड़ दिया है। जल्द शुरू होने वाली 24 हजार नई भर्तियों में 4 हजार महिलाओं को अवसर मिलेगा। BJP सरकार ने अब तक 2,18,262 पदों पर भर्तियां की हैं, जिनमें 35,247 महिलाएं शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश में BJP सरकार के 8 वर्षों में पुलिस भर्ती का आंकड़ा 2,18,262 तक पहुंच गया है, जबकि सपा सरकार के 5 साल में केवल 49,965 भर्तियां हुई थीं। इनमें से 35,247 महिलाएं प्रदेश पुलिस का हिस्सा बनीं। जल्द ही सिपाही, उपनिरीक्षक और समकक्ष के 24 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी।

सपा सरकार का रिकॉर्ड

सपा सरकार के दौरान 49,965 भर्तियों में 5,262 अदालत के आदेश पर हुई थीं। सीधी भर्ती के तहत 38,315 सिपाही, 3,784 उपनिरीक्षक, 7 प्रोग्रामर, 2,256 कंप्यूटर ऑपरेटर और 341 मृतक आश्रित सिपाही भर्ती किए गए थे।

BJP सरकार की उपलब्धियां

BJP सरकार ने 1,53,811 सिपाही (नागरिक पुलिस और PAC), 9,534 उपनिरीक्षक, 1,329 लेखा संवर्ग के उपनिरीक्षक और सहायक उपनिरीक्षक भर्ती किए। अन्य पुलिस संवर्गों में भी रिक्त पदों को तेजी से भरा गया।

अधूरे काम पूरे किए

BJP सरकार ने सपा और बसपा सरकारों के समय अटकी भर्तियों को भी पूरा किया। 2011 में उपनिरीक्षक और समकक्ष के 1,003 पदों पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन हुआ। हाईकोर्ट के निर्देश पर 2013 में सिपाही नागरिक पुलिस के 4,098, PAC के 615 और फायरमैन के 785 पदों पर भर्ती की गई। 2016 की उपनिरीक्षक भर्ती के 2,486 और सिपाही के 34,716 पदों का परिणाम घोषित हुआ।

खिलाड़ी और मृतक आश्रित कोटा

खिलाड़ी कोटे में 491 सिपाही (313 पुरुष, 178 महिलाएं) भर्ती हुए। मृतक आश्रित कोटे में उपनिरीक्षक से लेकर सिपाही तक 3,794 भर्तियां हुईं। इसके अलावा 5,805 जेल वार्डर और घुड़सवार पुलिस की भर्ती भी की गई।

Leave a Comment