तूफानी मौसम ने बिगाड़ा शेड्यूल: हैदराबाद फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, आगरा पहुंचने में हुई 3 घंटे की देरी

तेज़ बारिश और आंधी के चलते मंगलवार को आगरा आने वाली हैदराबाद-आगरा इंडिगो फ्लाइट को बीच रास्ते में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। मौसम अचानक बिगड़ने के कारण विमान को भोपाल एयरपोर्ट पर उतारा गया, जिससे यह उड़ान करीब तीन घंटे की देरी से शाम 7 बजे आगरा पहुंच सकी। इसके बाद यह फ्लाइट आगरा से हैदराबाद के लिए 7:30 बजे रवाना हो सकी।

खराब मौसम की वजह से न केवल हैदराबाद बल्कि अहमदाबाद फ्लाइट पर भी असर पड़ा। आगरा से अहमदाबाद जाने वाली फ्लाइट को ढाई घंटे तक रोके रखा गया। इस बीच यात्री विमान से उतार दिए गए और देरी के चलते कुछ यात्रियों में नाराजगी भी देखी गई। बाद में शाम 6:30 बजे यह फ्लाइट रवाना हो सकी, जो तय समय 3:55 बजे उड़ान भरनी थी।

खेरिया एयरपोर्ट से इस दिन कुल चार फ्लाइटें संचालित होनी थीं—हैदराबाद, मुंबई, अहमदाबाद और बंगलुरु की। जिनमें मुंबई और बंगलुरु की उड़ानें तय समय पर चलीं, लेकिन हैदराबाद और अहमदाबाद की फ्लाइटें मौसम के कारण बुरी तरह प्रभावित रहीं।

एयरपोर्ट अथॉरिटी के निदेशक योगेंद्र सिंह तोमर ने जानकारी दी कि खराब मौसम के चलते हैदराबाद फ्लाइट को बीच रास्ते में डायवर्ट कर भोपाल में उतारा गया, जिससे उसका शेड्यूल पूरी तरह बिगड़ गया।

Leave a Comment