- पुरामना स्थित श्रीमती शांति देवी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम
किरावली। शनिवार को थाना किरावली थाना प्रभारी नीरज कुमार के निर्देशन में एस आई आकांक्षा सिंह, एस आई रिंकी, एस आई स्वाति, एंटी रोमियो टीम तथा मिशन शक्ति टीम ने श्रीमती शांति देवी स्कूल पुरामना में पहुंचकर छात्राओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं। टीम ने स्कूल में पढ़ने वाली बच्चियों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों—1090 वूमेन हेल्पलाइन, 181 महिला सहायता नंबर, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 108 एंबुलेंस सेवा, 101 फायर हेल्पलाइन आदि—की विस्तृत जानकारी दी और इनके उपयोग की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला। इसके साथ ही छात्राओं को साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया सुरक्षा, ओटीपी धोखाधड़ी तथा अनजान लिंक से बचाव जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बच्चियों को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत संबंधित हेल्पलाइन या पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी। थाना किरावली, कमिश्नरेट आगरा द्वारा ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार चलाए जा रहे हैं, ताकि छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़े और वे हर परिस्थिति में सुरक्षित रह सकें।





