---Advertisement---

रेलवे ने आगरा मंडल में यात्री परिवहन से रिकॉर्ड आय की अर्जित

Published On: November 23, 2025
---Advertisement---
  • गत वर्ष माह अप्रैल से अक्टूबर की तुलना में 5.75 फीसदी अधिक आय की अर्जित
  • कुल 414.28 करोड़ रुपये का आय का किया अर्जन
  • पिछले 6 माह में गत वर्ष की इसी अवधि में 9.64 फीसदी अधिक यात्रियों ने सफर किया

आगरा। उत्तर मध्य रेलवे आगरा मंडल में यात्री परिवहन से पिछले 6 माह में रिकॉर्ड आय अर्जित की है। रेलवे ने कुल 414.28 करोड़ रुपये की आय का अर्जन किया है। जो गत वर्ष माह अप्रैल से अक्टूबर की तुलना में 5.75 फीसदी अधिक रहा है।

मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के निर्देशन में आगरा रेल मंडल यात्रियों को उत्कृष्ट सेवाएँ उपलब्ध करने के साथ राजस्व अर्जन में भी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा हैं। परिवहन के क्षेत्र में अच्छी सेवाएँ उपलब्ध कराने और सकारात्मक प्रयासों से आगरा मण्डल की आय में निरंतर बढ़ोत्तरी हो रही है। जिसके चलते उत्तर मध्य रेलवे आगरा मंडल ने अप्रैल से अक्टूबर की अवधि में उत्कृष्ट प्रदर्शन दर्ज किया है। इस अवधि में आगरा मंडल ने 414.28 करोड़ रुपये की आय अर्जित की है। जबकि गत वर्ष इसी अवधि अप्रैल से अक्टूबर 2024 में 391.75 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई थी। इस प्रकार मंडल की आय में 5.75 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज हुई है।

यात्री परिवहन के क्षेत्र में भी आगरा मंडल ने गत वर्ष की तुलना में महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की है। अप्रैल से अक्टूबर 2025 की अवधि में मंडल द्वारा कुल 207.35 लाख यात्रियों का परिवहन किया गया, जबकि वर्ष 2024 की इसी अवधि में यह संख्या 189.11 लाख थी। इस प्रकार यात्री संख्या में 9.64 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जो यात्रियों के विश्वास का प्रतीक है। यह उपलब्धि मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, समयपालन, आधुनिक टिकटिंग प्रणाली, डिजिटल सेवाओं एवं स्टेशन विकास कार्यों में निरंतर सुधार का परिणाम है। आगरा मंडल ने यात्रियों की सुविधा एवं संतोष को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बेहतर संचालन, मानवीय व्यवहार, त्वरित सेवा एवं व्यवस्थित प्रबंधन को प्रभावी रूप से लागू किया है।

रेलवे भविष्य में भी यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित, सुविधाजनक एवं संतोषप्रद रेल सेवाएं प्रदान करने हेतु निरंतर समर्पित रहेगा।

---Advertisement---

Leave a Comment