---Advertisement---

होली पब्लिक में अंतर्विद्यालयी समूह नृत्य चैंपियनशिप प्रतियोगिता का आयोजन

Published On: November 27, 2025
---Advertisement---

आगरा। गुरुवार को सेक्टर-4 आवास विकास स्थित होली पब्लिक जूनियर कॉलेज के सभागार में 7वीं स्वर्गीय श्री हरेश तोमर मेमोरियल अंतर्विद्यालयी समूह नृत्य चैंपियनशिप प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में नगर के लगभग 15 विद्यालयों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के निर्णायक के रूप में प्रसिद्ध कत्थक डांसर शिवानी सागर एवं कोरियोग्राफर दीपक शर्मा उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रबन्ध समिति के सभी सदस्यों की गरिमामय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ निर्णायक मंडल के साथ स्कूल चेयरमैन संजय तोमर, प्रधानाचार्य सोनिका चौहान, कॉर्डिनेटर ज्योति शर्मा, कत्थक डांसर शिवानी सागर, कोरियोग्राफर दीपक शर्मा ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया।

इस वर्ष प्रतियोगिता की थीम “द आर्ट ऑफ मोशन” रही। विभिन्न विद्यालयों से आए प्रतिभागियों ने शानदार व ऊर्जावान प्रस्तुतियाँ देकर मंच का माहौल रोमांचक बना दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन ने निर्णायक मंडल को निर्णय लेने में असमंजस की स्थिति में ला दिया।

विजेता विद्यालय इस प्रकार रहे—

  • प्रथम स्थान – सिम्पकिन्स पब्लिक स्कूल
  • द्वितीय स्थान – श्री आर.एस. पब्लिक स्कूल
  • तृतीय स्थान – शिवालिक कैम्ब्रिज स्कूल
  • प्रथम सांत्वना पुरस्कार – शारदा वर्ल्ड पब्लिक स्कूल
  • द्वितीय सांत्वना पुरस्कार – जी.डी. इंटरनेशनल स्कूल

मेजबान होली पब्लिक जूनियर कॉलेज के छात्रों ने भी अपनी जबरदस्त प्रस्तुति से दर्शकों को अभिभूत कर दिया और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा सभागार गूंज उठा।

निर्णायकों ने कहा कि विद्यार्थियों को ऐसी प्रतियोगिताओं में भाग लेना चाहिए, क्योंकि इससे हमारी सांस्कृतिक विरासत संरक्षित रहती है।
स्कूल चेयरमैन संजय तोमर ने कहा कि नृत्य मानवीय अभिव्यक्ति का सशक्त और रसमय माध्यम है। संगीत एवं लय के संग नृत्य हमारे भीतर नई ऊर्जा उत्पन्न करता है। कार्यक्रम के सफल संचालन में कोरियोग्राफर सौरभ निमल की विशेष भूमिका रही।

स्टेज सज्जा में बॉबी कर्दम , शिल्पी जैन और भानु प्रिया ने अपनी उत्कृष्ट कला का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका प्रियंका अग्रवाल एवं शिक्षक नवीन शर्मा द्वारा किया गया।

अंत में प्रधानाचार्य सोनिका चौहान ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं स्टाफ सदस्यों का हार्दिक आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सिटी कॉर्डिनेटर साक्षी शर्मा एवं कॉर्डिनेटर ज्योति शर्मा की भी उपस्थिति रही।

---Advertisement---

Leave a Comment