- मांगी अमन-चैन की दुआ
- मतदाता जागरूकता पर दिया संदेश
फतेहपुर सीकरी। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शनिवार को फतेहपुर सीकरी पहुंचे। उनके साथ उनकी पत्नी व लोकसभा सांसद डिंपल यादव तथा मशहूर अभिनेत्री व राज्यसभा सदस्य जया बच्चन भी रहीं। तीनों नेताओं ने सूफी संत हजरत शेख सलीम चिश्ती की दरगाह पर चादरपोशी कर देश-प्रदेश में अमन-चैन के लिए दुआ की।
दरगाह पहुंचने पर सपा जिलाअध्यक्ष वाजिद निसार, वरिष्ठ नेता देवेंद्र शर्मा तथा विधानसभा अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी ने सबसे पहले स्वागत कर बुके भेंट किए। इसके साथ ही वरिष्ठ पार्टी नेता प्रदीप मुखिया, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राजपाल यादव सहित अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी अगवानी की। प्रशासन द्वारा प्रोटोकॉल के तहत कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
चादरपोशी के बाद अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आगरा में पर्यटन और ऐतिहासिक विरासत के कारण बड़ी आबादी को रोजगार मिलता है। उन्होंने दावा किया कि आगरा में मेट्रो की शुरुआत समाजवादी सरकार की देन है, जिसे वर्तमान सरकार पूरा कर रही है।
उन्होंने मतदाता सूची (SIR / वोटर लिस्ट) में चल रही संशोधन प्रक्रिया को लेकर लोगों से सतर्क रहने और अपने वोट सुरक्षित रखने की अपील की। यमुना और गंगा नदी के प्रदूषण को लेकर उन्होंने सरकार से जवाबदेही की बात कही। कहा- “यमुना आगरा तक आते-आते नाले जैसा रूप ले लेती है, यह किसी से छिपा नहीं है।”
आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी आगरा की सभी सीटों पर मजबूती से दावेदारी करेगी और बेहतर समीकरण बनाकर जीत हासिल करेगी। सपा किसानों, मजदूरों, युवाओं और कमजोर वर्गों के अधिकारों को मजबूती से आगे बढ़ाती रहेगी।
अखिलेश यादव ने दरगाह प्रबंधन से मजार पर लगाई गई सुविधाओं व रख-रखाव के बारे में जानकारी भी ली। स्वागत के दौरान प्रमुख रूप से वाजिद निसार, सुरेंद्र चौधरी, रमजान उस्मानी, राशिद कुरैशी, रमजान उस्मानी, पूर्व नगर अध्यक्ष गबर कुरेशी, रंजीत चौधरी, स्माइल मेव, डॉक्टर एस एस खान, हाजी आजाद मेव, महाराज सिंह शाक्य, ऋषि दर्शन सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।





