- कागारौल बाईपास के लिए 52.96 करोड़ का बजट पास, बनेगा 5 किलोमीटर लंबा रोड
आगरा। कागारौल क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने वाला एक ऐतिहासिक निर्णय सामने आया है। किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र से सांसद राजकुमार चाहर तथा खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक भगवान सिंह कुशवाहा के निरंतर, समर्पित एवं प्रभावी प्रयासों के परिणामस्वरूप 5 किलोमीटर लंबे कागारौल बाईपास मार्ग के निर्माण को 52 करोड़ 95 लाख 79 हजार रुपये (लगभग 52.96 करोड़ रुपये) की लागत से प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। यह बाईपास मार्ग कागारौल क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान साबित होगा। कस्बे के बीचोंबीच से गुजरने वाले भारी वाहनों और लगातार बढ़ते यातायात के कारण प्रतिदिन भीषण जाम की स्थिति बनी रहती थी। आम नागरिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, मरीजों और राहगीरों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ता था, जिससे न केवल समय की बर्बादी होती थी बल्कि आर्थिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही थीं।
जनहित को सर्वोपरि रखते हुए उठाया गया ठोस कदम
जनता की पीड़ा को गंभीरता से लेते हुए सांसद राजकुमार चाहर एवं विधायक भगवान सिंह कुशवाहा ने हाल ही में उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट कर कागारौल बाईपास निर्माण की आवश्यकता से अवगत कराया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनहित को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्ताव को तत्काल स्वीकृति प्रदान की, जिससे कागारौल क्षेत्र के विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ।
यातायात, व्यापार और विकास को मिलेगा नया आयाम
कागारौल बाईपास के निर्माण से कस्बे को जाम की गंभीर समस्या से स्थायी राहत मिलेगी। भारी वाहनों का दबाव कस्बे से बाहर होगा, जिससे स्थानीय सड़कों पर आवागमन सुगम बनेगा। व्यापारियों को लाभ मिलेगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी तथा क्षेत्र में औद्योगिक, शैक्षिक और व्यावसायिक गतिविधियों को नई गति प्राप्त होगी।
स्थानीय जनता में उत्साह, जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार
बाईपास की स्वीकृति की खबर मिलते ही कागारौल एवं आसपास के गांवों में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्थानीय नागरिकों ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए सांसद राजकुमार चाहर एवं विधायक भगवान सिंह कुशवाहा के प्रति आभार व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि यह बाईपास आने वाले वर्षों में कागारौल को विकास के नए शिखर पर ले जाएगा।





