---Advertisement---

कड़ाके की ठंड में सेवा देने वाले सफाई कर्मियों को मिला सम्मान

Published On: January 17, 2026
---Advertisement---

आगरा। कड़ाके की ठंड के बीच शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने वाले सफाई कर्मचारियों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। जे.एस. एन्वायरो सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की सामाजिक पहल ‘करुणा का कंबल’ के अंतर्गत यह आयोजन नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के आदेश पर किया गया। कार्यक्रम में सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने स्वच्छता सारथियों को कंबल और व्यक्तिगत सुरक्षा किट वितरित कीं। इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त ने कहा कि प्रतिकूल मौसम और कठिन परिस्थितियों में भी सफाई कर्मचारी दिन-रात शहर को स्वच्छ बनाए रखते हैं। वे नगर की रीढ़ हैं और उनका सम्मान समाज का कर्तव्य है। उन्होंने जे.एस. एन्वायरो की पहल की सराहना करते हुए इसे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने वाला बताया। जे.एस. एन्वायरो के प्रबंध निदेशक जीवन उपाध्याय ने कहा कि कंपनी कर्मचारियों की सुरक्षा, सम्मान और कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है। यह आयोजन केवल सामग्री वितरण नहीं, बल्कि स्वच्छता साथियों के प्रति आभार प्रकट करने का माध्यम है। कार्यक्रम में जेडएसओ महेंद्र सिंह, स्वच्छता एवं खाद्य निरीक्षक योगेंद्र कुशवाह, राघवेंद्र यादव, संजीव यादव सहित कंपनी की टीम मौजूद रही। सम्मान पाकर स्वच्छता मित्रों में उत्साह और खुशी देखने को मिली।

---Advertisement---

Leave a Comment