आगरा। सिरकी मंडी, राज नगर और लोहामंडी क्षेत्र में नगर निगम ने स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की। नालियों में गोबर बहाने और प्रतिबंधित प्लास्टिक व ग्लास के उपयोग की शिकायतों पर प्रवर्तन दल ने अभियान चलाकर 39,500 रुपये का जुर्माना वसूला। अभियान का नेतृत्व स्वच्छता एवं खाद्य निरीक्षक मुनेश मौर्य ने किया। जांच में कई लोग खुलेआम नालियों में गोबर बहाते पाए गए, जिससे जलनिकासी बाधित हो रही थी। दुकानदार दीपक पर प्रतिबंधित ग्लास के उपयोग पर एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। गोबर बहाने पर विजयपाल सिंह पर आठ हजार, पिंकी पर साढ़े तीन हजार, पूरन चंद पर दस हजार, अंतु सिंह पर आठ हजार, माधो पर तीन हजार और विनोद पर छह हजार रुपये का शमन शुल्क लगाया गया। निरीक्षक ने चेतावनी दी कि भविष्य में भी नियम तोड़ने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और नागरिक स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।
नालियों में गोबर बहाना पड़ा महंगा, पशु पालकों पर हजारों का जुर्माना
By Hariom Singh
Published On: January 17, 2026
---Advertisement---




