सनातन संस्कृति के संरक्षण व सामाजिक एकजुटता का किया आह्वान
खंदौली। विश्व हिंदू परिषद की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित हिंदू सम्मेलनों की श्रृंखला के अंतर्गत खंदौली क्षेत्र के सेमरा गांव में भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समाजसेवी एवं विभिन्न हिंदू संगठनों से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रख्यात संत ऋतेश्वर महाराज रहे, जिनके आगमन से संपूर्ण क्षेत्र धर्ममय वातावरण में रंग गया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए ऋतेश्वर महाराज ने कहा कि सनातन धर्म केवल पूजा-पद्धति नहीं, बल्कि जीवन को श्रेष्ठ दिशा देने वाली संस्कृति है। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि हिंदू समाज अपने संस्कारों, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास को पहचाने और उसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाए। महाराज ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक समाज अपने मूल्यों से जुड़ा नहीं रहेगा, तब तक वह सशक्त नहीं बन सकता।
उन्होंने कहा कि हिंदू समाज को जाति और वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठकर सनातन संस्कृति के सूत्र में बंधना होगा। एकता, संस्कार और अनुशासन ही समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं।
युवाओं को विशेष रूप से संबोधित करते हुए ऋतेश्वर महाराज ने नशा, शराब और अन्य व्यसनों को समाज के लिए घातक बताया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर स्वस्थ, चरित्रवान और संस्कारयुक्त जीवन अपनाएं। महाराज ने कहा कि युवा ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति हैं और यदि युवा सही दिशा में आगे बढ़ेंगे तो राष्ट्र और समाज दोनों का भविष्य उज्ज्वल होगा।
ऋतेश्वर महाराज ने विश्व हिंदू परिषद के सौ वर्षों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि संगठन ने हिंदू समाज को संगठित करने, सांस्कृतिक चेतना को जागृत करने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। उन्होंने युवाओं से धर्म, राष्ट्र और समाज सेवा को अपने जीवन का लक्ष्य बनाने का आह्वान किया।
सम्मेलन में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी हिंदू समाज की एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक पुनर्जागरण पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र, धर्म और समाज की मजबूती के संकल्प के साथ किया गया।
कार्यक्रम में ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित:
प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र, भाजपा प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान, जिला प्रचारक मुकेश सिकरवार, बिलोच कुमार, रामकुमार शर्मा, जिला पंचायत सदस्य बब्बू चौहान, मनोज सिकरवार, अनुरुद्ध सिंह, देवेंद्र (विभाग बौद्धिक प्रमुख), उमेश खंड, करवाह, अनुज (जिला सामाजिक प्रमुख), पुरु सिकरवार, सेमरा प्रधान संदीप दिवाकर, डॉ. भूपेंद्र चौहान, राजू परमार, देवेंद्र शर्मा (आरएसएस) सहित सैकड़ों की संख्या में हिंदू समाज के लोग मौजूद रहे।





