---Advertisement---

जैतपुर थाना क्षेत्र में नहर की पुलिया के पास 10–15 मृत गायें मिलने से हड़कंप, पुलिस ने कराया अंतिम संस्कार

Published On: January 19, 2026
---Advertisement---

बाह (आगरा)थाना जैतपुर क्षेत्र के गांव मुकुटपुरा स्थित नहर की पुलिया के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने वहां लगभग 10 से 15 गायों के शव पड़े हुए देखे। कुछ गायों के पैर बंधे होने की जानकारी सामने आने से मामला और भी संवेदनशील हो गया। घटना की सूचना मिलते ही किसान यूनियन एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े लोगों ने तत्काल पुलिस को अवगत कराया।
सूचना पर थाना जैतपुर प्रभारी दीपक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। क्षेत्र में फैली दुर्गंध और नहर के आसपास शव पड़े होने से ग्रामीणों में रोष देखने को मिला। लोगों ने आशंका जताई कि गायों को सुनियोजित तरीके से यहां फेंका गया है।पुलिस द्वारा जेसीबी मशीन की सहायता से नहर व आसपास के क्षेत्र से मृत गायों को बाहर निकलवाया गया। इसके बाद नियमानुसार पशु चिकित्सकीय औपचारिकताओं के उपरांत सभी शवों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराया गया, जिससे क्षेत्र में किसी प्रकार की शांति व्यवस्था प्रभावित न हो।इस संबंध में थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि गायों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव यहां कैसे पहुंचे। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या पशु क्रूरता सामने आती है तो दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद किसान यूनियन और आरएसएस के कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत की जाए। पुलिस ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध जानकारी की तुरंत पुलिस को सूचना दें।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।

---Advertisement---

Leave a Comment