ट्रांसफार्मर चोरी में लिप्त 7 आरोपी गिरफ्तार, हथियार व चोरी का सामान बरामद
बाह। इटावा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक अंतरजनपदीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। थाना इकदिल पुलिस ने सात शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध हथियार, चोरी किए गए ट्रांसफार्मर के पार्ट्स, नकदी व घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है।पुलिस के अनुसार, मुखवीर ने सूचना दी थी कि ग्वालियर बाईपास स्थित उनके ढाबे के सामने लगे ट्रांसफार्मर के पार्ट्स अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिए गए हैं। सूचना के आधार पर थाना इकदिल पर मुकदमा पंजीकृत किया गया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा के निर्देश पर 19/20 जनवरी 2026 की रात थाना इकदिल पुलिस पान कुंवर स्कूल के पास संदिग्ध वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया और उसमें सवार सात व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया।तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो मिस कारतूस, छह मोबाइल फोन, ट्रांसफार्मर के तांबे के पार्ट्स, चोरी का सामान बेचकर अर्जित 4000 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त केआईए कार बरामद की गई। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने 17/18 जनवरी की रात ग्वालियर बाईपास स्थित ट्रांसफार्मर से पार्ट्स चोरी करने की बात स्वीकार की। साथ ही उन्होंने थाना पिनहाट, जनपद आगरा क्षेत्र में भी ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया।
पुलिस ने बरामदगी व पूछताछ के आधार पर मुकदमे में धारा बीएनएस व आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार अभियुक्तों में रूपकिशोर उर्फ रूपा, करन बाबू बाल्मिकी, कमलेश राजपूत, अजीत उर्फ डबोरी, बच्चू सिंह बाल्मिकी, निखिल उर्फ योगेश तथा अंकित कठेरिया शामिल हैं। इनमें से कुछ अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास पहले से दर्ज है।पूरी कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन व पुलिस उप महानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा के पर्यवेक्षण तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन में क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान प्रभारी थाना इकदिल अपनी टीम के साथ शामिल रहे।इटावा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।





