हरियाणा की ‘देसी क्वीन’ और मशहूर डांसर-एक्ट्रेस सपना चौधरी एक बार फिर छोटे पर्दे पर धमाका करने के लिए तैयार हैं। ‘बिग बॉस 11’ से घर-घर में अपनी बेबाक पहचान बनाने वाली सपना करीब 7 साल के लंबे इंतजार के बाद एक नए रियलिटी शो ‘द 50’ के जरिए वापसी कर रही हैं। इस खबर के सामने आते ही उनके प्रशंसकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
जियो-हॉटस्टार के बड़े शो में होंगी शामिल
अपकमिंग रियलिटी शो ‘द 50’ अपने टेलीकास्ट से पहले ही चर्चा का विषय बना हुआ है। यह शो मशहूर फ्रेंच सीरीज ‘Les Cinquante’ पर आधारित है। शो का फॉर्मेट काफी चुनौतीपूर्ण है, जिसमें 50 नामी हस्तियों को एक आलीशान महल में रखा जाएगा। यहाँ उनके बीच शारीरिक टास्क के बजाय दिमागी खेल, रणनीतियों और तालमेल की परीक्षा होगी।
वीडियो शेयर कर जाहिर की खुशी
सपना चौधरी ने खुद सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर इस खबर की पुष्टि की है। उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा:
‘आज मैं बहुत ज्यादा खुश हूं. इतनी ज्यादा खुश हूं कि मैं बता भी नहीं सकती. क्योंकि मुझे द लॉयन की तरफ से इनविटेशन आया है। मैं इंडिया के सबसे बड़े रियलिटी शो ‘द 50’ का हिस्सा बनने जा रही हूं। देखना मत भूलिएगा।”
बिग बॉस के बाद अब नए तेवर की बारी
सपना चौधरी को असली पहचान ‘बिग बॉस सीजन 11’ से मिली थी, जहाँ उनके ‘हरियाणवी स्वैग’ और निडर अंदाज ने दर्शकों का दिल जीत लिया था। अब 7 साल बाद, जब वे 49 अन्य दिग्गजों के साथ मुकाबला करेंगी, तो यह देखना दिलचस्प होगा कि वे अपने अनुभव और देसी अंदाज का इस्तेमाल किस तरह करती हैं।
कब और कहाँ देखें?
यह बहुचर्चित शो 1 फरवरी से जियो-हॉटस्टार और कलर्स टीवी पर प्रसारित किया जाएगा। शो में हर दिन नए ट्विस्ट और एलिमिनेशन देखने को मिलेंगे, जिससे मुकाबला और भी रोमांचक होने की उम्मीद है।





