बरेली। बरेली के पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट और पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री ने अपने निलंबन के खिलाफ अब कोर्ट जाने का एलान किया है। सोमवार को शंकराचार्य के अपमान और यूजीसी कानून के विरोध में इस्तीफा देने वाले अग्निहोत्री को प्रशासन ने देर रात निलंबित कर दिया था।
अलंकार अग्निहोत्री ने मंगलवार को गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके खिलाफ बड़ी साजिश रची गई है। उन्होंने डीएम आवास में खुद को बंधक बनाने के आरोपों को फिर दोहराते हुए कहा, “मुझे रात भर कैद करने की योजना थी, जब वे सफल नहीं हुए तो निलंबन थमा दिया।” प्रशासन का पक्ष: वहीं, जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें ‘तथ्यहीन और भ्रामक’ बताया है। रात भर चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद, फिलहाल अग्निहोत्री अपने सरकारी आवास पर ही रुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे इस निलंबन के विरुद्ध हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ेंगे।





