---Advertisement---

डीएम ने निर्वाचक सूची पुनरीक्षण पर राजनीतिक दलों संग की बैठक

Published On: January 28, 2026
---Advertisement---
  • मतदाता सूची अपडेट पर प्रशासन सक्रिय

आगरा। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 को लेकर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक संपन्न हुई।
जिलाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग शुद्ध, पारदर्शी एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि दावे-आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 06 जनवरी से 06 फरवरी 2026 तक निर्धारित है। इस दौरान प्राप्त सभी दावों-आपत्तियों की प्रतिलिपि राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जा रही है तथा मतदान केंद्रों पर सूचना पट्ट पर चस्पा की जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हुई है, वे स्वयं या उनके द्वारा अधिकृत व्यक्ति ही सुनवाई में उपस्थित हो सकते हैं। वर्तमान में फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। बूथ लेवल अधिकारी अभियान के दौरान मतदाताओं की सहायता कर रहे हैं।
बैठक में कुछ बूथों पर नोटिस जारी न होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने बीएलओ व सुपरवाइजरों को तत्काल निर्देश दिए कि सभी मतदान केंद्रों पर नोटिस कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करें।
जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष अभियान 31 जनवरी 2026 को सुबह 11 से शाम 4 बजे तक सभी मतदान केंद्रों पर चलेगा। पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वा सकते हैं, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के लिए फॉर्म-7 तथा संशोधन हेतु फॉर्म-8 भरा जाएगा।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान, भाजपा महानगर उपाध्यक्ष महेश शर्मा, सपा अध्यक्ष शब्बीर अब्बास, बसपा जिला उपाध्यक्ष संदीप मुखरैया सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

---Advertisement---

Leave a Comment