---Advertisement---

शिक्षकों की नियुक्ति से लेकर सुरक्षा व शोध पीठ तक कई बड़े फैसले

Published On: January 28, 2026
---Advertisement---

आगरा। मंडलायुक्त की अध्यक्षता में आगरा कॉलेज प्रबंध समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में कॉलेज से जुड़े शैक्षणिक, प्रशासनिक और विकास संबंधी कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर निर्णय लिए गए। बैठक में बीबीए और बीसीए स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों के लिए चयन समिति द्वारा चयनित शिक्षकों के अनुमोदन को मंजूरी दी गई।
भौतिकी विभाग के एक शिक्षक, जो लगभग एक वर्ष से कॉलेज से अनुपस्थित चल रहे थे, उनके मामले में जांच अधिकारी की रिपोर्ट स्वीकार करते हुए एक नई समिति गठित करने के निर्देश दिए गए। यह समिति पूरे प्रकरण की समीक्षा कर आगे की कार्रवाई पर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

इतिहास विभाग के एक शिक्षक के खिलाफ शोध छात्रा द्वारा की गई यौन उत्पीड़न शिकायत के मामले में आंतरिक जांच समिति की रिपोर्ट पर विचार किया गया। समिति ने शिक्षक के आचरण को अभद्रता की श्रेणी में माना। इसके आधार पर निर्णय लिया गया कि संबंधित शिक्षक को प्रतिवर्ष चरित्र एवं निष्ठा प्रमाण पत्र देना होगा और वे सेवा की समाप्ति तक आंतरिक समिति की निगरानी में रहेंगे।

स्थानांतरण, स्थायीकरण और कॉलेज विकास के प्रस्तावों को स्वीकृति

सेवानिवृत्त कार्यवाहक प्राचार्य के खिलाफ प्राप्त शिकायत की पुनः जांच के निर्देश दिए गए। साथ ही एकल स्थानांतरण से जुड़े आवेदनों और परिवीक्षा अवधि पूर्ण कर चुके कर्मचारियों के स्थायीकरण पर विचार किया गया, जिसमें चार शिक्षकों के स्थानांतरण और दो कर्मचारियों के स्थायीकरण को मंजूरी दी गई।

कॉलेज परिसर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एमजी रोड से लेकर एसएन मेडिकल चौराहे तक बाउंड्री वॉल की ऊंचाई बढ़ाने, फेंसिंग लगाने, क्षतिग्रस्त दीवारों की मरम्मत और दो नए प्रवेश द्वारों के निर्माण को वित्तीय स्वीकृति दी गई। इसके अलावा कॉलेज के अवस्थापना विकास के लिए दानदाताओं और पूर्व छात्रों से प्राप्त धनराशि के उपयोग हेतु “आगरा कॉलेज सामान्य विशिष्ट प्रयोजन निधि” के गठन को मंजूरी दी गई।

आगरा कॉलेज में महाराजा अग्रसेन शोध पीठ की स्थापना, शोध छात्रों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इसके संचालन की जिम्मेदारी अनुदान दाताओं द्वारा निभाए जाने तथा प्राचार्य आवास के समीप भवन, ऑडिटोरियम और बी.फार्मा व डी.फार्मा पाठ्यक्रमों के लिए निर्माण एवं वित्तीय अनुदान के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।

बैठक में जिलाधिकारी अरविन्द मलप्पा बंगारी, कॉलेज प्राचार्य चित्र कुमार गौतम, शिक्षक प्रतिनिधि प्रो0 मृणाल शर्मा, प्रो0 जयश्री भारद्वाज और शिक्षणेत्तर कर्मचारी प्रतिनिधि मौजूद रहे। यह भी तय किया गया कि कॉलेज के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी नियमित रूप से अपने विभागों में सेवाएं देंगे और किसी बाहरी गतिविधि में शामिल नहीं होंगे।

---Advertisement---

Leave a Comment