आगरा। एमजी रोड स्थित एक फुटवियर शोरूम में छत के रास्ते घुसकर की गई करीब 11 लाख रुपये की चोरी का नाई की मंडी थाना पुलिस और एसओजी ने खुलासा कर दिया है। इस हाई-प्रोफाइल चोरी में दुकान का कर्मचारी ही मास्टरमाइंड निकला, जिसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।पुलिस ने इस मामले में चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
कर्मचारी निकला साजिशकर्ता, 6.57 लाख नकद बरामद, एक आरोपी फरार
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कर्मचारी को शोरूम की पूरी अंदरूनी जानकारी थी। उसी ने अपने पांच दोस्तों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई। वारदात की रात आरोपी छत तोड़कर शोरूम में दाखिल हुए, सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त किए और गल्ले में रखी पूरी नकदी लेकर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई।
दबिश के दौरान पुलिस ने 6 लाख 57 हजार रुपये नकद, चोरी में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें और लोहे का सब्बल बरामद किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी 50-50 हजार रुपये शौक-मौज में खर्च कर चुके थे और बाकी रकम आपस में बांट रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।पुलिस के अनुसार, एक अभियुक्त अभी फरार है, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। इस बड़ी कार्रवाई से एमजी रोड सहित आसपास के व्यापारियों में दहशत कम हुई है और पुलिस की कार्यशैली की सराहना की जा रही है।




