इटावा। इटावा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर कचौरा रोड पर एक अधेड़ का शव नाले में तैरता मिला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 58 वर्षीय पर्वत सिंह के रूप में हुई। जो समाज कल्याण निर्माण निगम में एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। मृतक की पत्नी सुमन ने कहा कि बुधवार शाम एक लग्न समारोह में शामिल होने के लिए पर्वत सिंह कचौरा रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में गए थे। वहां से वह अचानक लापता हो गए। परिवार ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला। गुरुवार दोपहर पुलिस को उनके नाले में पड़े होने की जानकारी मिली। आस पास के लोगों ने पुलिस को बताया कि पर्वत सिंह बुधवार शाम शराब के नशे में घूमते देखे गए थे। उनका शव मिलने के बाद लोगों ने आशंका जताई कि अधिक शराब पीने के कारण वह नाले में गिर गए और उनकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी यशवंत सिंह ने बताया, शरीर पर किसी भी तरह की चोट के निशान नहीं हैं। यह मामला अत्यधिक शराब पीने और नाले में गिरने का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चलेगा।