मेट्रो की भूमिगत खुदाई से घरो में आ रही दरारें,लोग दहशत में

आगरा| आगरा के मदिया कटरा में चल रही मेट्रो की भूमिगत खुदाई से मकानों में दरारें आना शुरू हो गई हैं। यहां घरों के फर्श और टाइल्स भी टूट रहे हैं। इस वजह से लोग दहशत में आने लगे हैं।

आगरा के मदिया कटरा में घर और मंदिर में फर्श और दीवारों पर दरार आ गई है। टाइल्स भी टूट रही है। क्षेत्रीय पार्षद का आरोप है कि मेट्रो की खुदाई के कारण यह हाल हुआ है। उन्होंने नगरायुक्त को पत्र लिखकर मेट्रो के अधिकारियों से मरम्मत करवाने की मांग की है।

क्षेत्रीय पार्षद शरद चौहान ने बताया कि मदिया कटरा निवासी सुधा, राजेंद्र शर्मा, संजय यादव, ज्ञानप्रकाश शर्मा समेत अन्य के घरों में दीवार और फर्श चटक गए हैं। इसके पास ही आरबीएस और राजामंडी पर भूमिगत स्टेशन बन रहा है। लोगों ने इसकी शिकायत मेट्रो के अधिकारियों से भी की, लेकिन इसका कोई असर नज़र नहीं आया बल्कि खानापूर्ति कर चले गए हैं।

क्षेत्रीय जनता का कहना है कि मदिया कटरा में महादेव मंदिर को भी नुकसान हुआ है। पार्षद अमित सिंह पटेल और विक्रांत सिंह ने बताया कि तीन वार्ड के घरों में दरार है। यूपी मेट्रो रेल काॅरपोरेशन के उप महाप्रबंधक पंचानन मिश्रा का कहना है कि उस क्षेत्र में खुदाई पूरी हो चुकी है। दरारें आई हैं और इसकी जांच करवाते हुए मरम्मत करवा देंगे।

Leave a Comment