दिल्ली विधानसभा चुनाव की 70 सीटों के लिए तारीखों का एलान हो गया। 5 फरवरी को दिल्ली में वोट डाले जाएंगे, 8 फरवरी को चुनाव के नतीजे आएंगे। एक ही चरण में होगा दिल्ली विधानसभा चुनाव। तारीखों के एलान से पहले ही सभी प्रमुख पार्टियों ने चुनाव प्रचार जोर पकड़े है। सत्ताधारी आम आदमी पार्टी चुनाव तारीखों के ऐलान से पहले ही राजधानी की सभी 70 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है। इसी तरह भाजपा अब तक 29 और कांग्रेस 47 उम्मीदवारों का एलान कर चुकी है। इस बार कई ऐसी सीटें है जिसमें मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है। इस बार के चुनाव में आम आदमी पार्टी लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने की कोशिश में जुटी है। तो वहीं, बीजेपी और कांग्रेस इस बार सत्ता में वापसी के लिए जोर लगा रही है। 2020 में हुए विधानसभा चुनाव में आप ने 62 सीटें जीती थीं। वहीं बीजेपी महज 8 सीटों पर जीत मिली थी। कांग्रेस का लगातार दूसरी बार दिल्ली से सफाया हो गया था। इस बार चुनाव से कुछ समय पहले अरविंद केजरीवाल ने अपने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद आतिशी राज्य की सीएम बनी है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव शेड्यूल
चुनाव का नोटिफिकेशन- 10-01-2025
नामांकन करने की अंतिम तारीख – 17-01-2025
नामांकन जांचने की तारीख- 18-01-2025
नाम वापस लेने का अंतिम दिन- 20-01-2025
वोटिंग- 05-02-2025
रिजल्ट- 08-02-2025
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा – आरोप और इल्जामात का दौर चले, कोई गिला नहीं,झूठ के गुब्बारों को बुलंदी मिलें, कोई शिकवा नहीं,हर परिणाम में प्रमाण देते है,पर वो बिना सबूत शक की नई दुनिया रौनक करते हैं और शक का इलाज तो हकीम लुकमान के पास भी नहीं
ईवीएम पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि चुनाव से 7-8 दिन पहले ईवीएम तैयार की जाती है। हर दल को वोटर लिस्ट के बारे में जानकारी दी जाती है। एजेंट के सामने ईवीएम में चुनाव चिन्ह डाले जाते हैं। एजेंट के सामने ही ईवीएम सील की जाती है। कोर्ट ने भी कहा कि ईवीएम हैक नहीं की जा सकती। ईवीएम की प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी है। राजीव कुमार ने आगे कहा कि ईवीएम में अवैध वोट डालने की संभावना नहीं है। ईवीएम फुलप्रूफ डिवाइस है। इसे मतदान के बाद सील कर दिया जाता है और इसमें वायरस नहीं जा सकता।