आगरा। उच्च प्राथमिक कंपोजिट विद्यालय में लोहे का गेट गिर गया, जिसके नीचे दबने से पांच बच्चे घायल हो गए हैं। सभी को उपचार के लिए अस्पताल में तुंरत भर्ती कराया गया है।
आगरा के बिचपुरी में विकास खंड अछनेरा के गांव महुअर में स्थित उच्च प्राथमिक कंपोजिट विद्यालय में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। बताया गया है खेलते समय विद्यालय के लोहे का गेट बच्चों पर गिर गया। बच्चे इसके नीचे बहुत बुरी तरह दब गए। पांच बच्चे इस हादसे में घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में तुंरत भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों ने बताया है कि विद्यालय की इमारत जर्जर है। वहीं ये गेट उस जगह लगा हुआ था, जहां सब्जियां उगाईं जाती हैं। ये भी काफी समय से गिरासू हालत में ही दिखाई दे रहा था। शुक्रवार को जब विद्यालय परिसर में बच्चे खेल रहे थे, उसी समय ये हादसा हो गया था। गेट के नीचे दबने से पांच बच्चे बहुत बुरी तरह घायल हुए हैं। जिनमें से एक बच्चे का पैर भी टूट गया है। तो वहीं एक बच्चे के सिर में भी गंभीर चोट आई है।
इस हादसे के बाद अध्यापकों द्वारा किसी प्रकार की मदद न किए जाने पर ग्रामीणों में गुस्सा दिखाई दिया है। ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया और साफ-साफ कहा कि अब वे इस स्कूल में कभी भी अपने बच्चों को नहीं भेजेंगे।