---Advertisement---

युवा शक्ति और संस्कृति का संगम, आगरा में इंटरस्टेट यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम-2026 का समापन

Published On: January 28, 2026
---Advertisement---

आगरा। मेरा युवा भारत आगरा द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मार्गदर्शन में आयोजित अंतर-राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम (इंटरस्टेट यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम-2026) का समापन यूथ होस्टल, संजय पैलेस में अनुशासित और प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।

योग, ध्यान और राष्ट्र निर्माण का संदेश

समापन कार्यक्रम की शुरुआत गुजरात से आए युवाओं के लिए आयोजित योग एवं ध्यान सत्र से हुई, जिसका उद्देश्य युवाओं को मानसिक शांति, आत्म-संयम और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में जिला सूचना अधिकारी शैलेन्द्र कुमार शर्मा, जिला पंचायती राज अधिकारी मनीष कुमार और जिला युवा अधिकारी डॉ. श्रवण कुमार सहगल की उपस्थिति में अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।

अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के अंतर-राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति, परंपरा और विरासत से जोड़ते हैं, जिससे राष्ट्रीय एकता और भाईचारे की भावना मजबूत होती है। खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और ऐतिहासिक स्थलों के भ्रमण के माध्यम से युवाओं में सकारात्मक सोच और सामाजिक समरसता का विकास होता है।

गुजरात के युवाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने मोहा मन

कार्यक्रम के दौरान गुजरात के सुरेंद्रनगर, सूरत, राजकोट और अहमदाबाद जिलों से आए 38 सदस्यीय युवा प्रतिनिधिमंडल ने अपनी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को दर्शाती मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। देशभक्ति और सांस्कृतिक गीतों पर आधारित प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उत्साह और उल्लास से भर दिया, जिसे दर्शकों ने तालियों के साथ सराहा।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी युवाओं को प्रमाण-पत्र और स्मृति-उपहार प्रदान किए गए। आयोजकों ने युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी ऐसे कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया। इस सफल आयोजन में राजेन्द्र शर्मा, अंकित , आशु रानी शर्मा, अमन, दीक्षा, रविकांत सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा, जिनके प्रयासों से कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

---Advertisement---

Leave a Comment