आगरा। आगरा छावनी परिषद क्षेत्र के सुल्तानपुरा बड़ी बस्ती स्थित बापू वाटिका में आज डॉ. भीमराव अम्बेडकर की श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा में स्थानीय निवासियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवा वर्ग और बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में पहुँचकर बाबा साहेब को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने डॉ. अम्बेडकर के जीवन, संघर्ष, समाज सुधार और संविधान निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया। सभी ने उनके विचारों को समाज में फैलाने और सामाजिक समानता, शिक्षा तथा जागरूकता को मजबूत बनाने का संदेश दिया। वक्ताओं का कहना था कि बाबा साहेब के सिद्धांत आज भी समाज को नई राह दिखाते हैं और उन्हें व्यवहार में उतारना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
समाजसेवी राहुल श्रीवास्तव ने डॉ. अम्बेडकर के सिद्धांतों, कर्तव्यों और उनके सामाजिक मिशन पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं अशोक कर्दम ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए बाबा साहेब की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने की आवश्यकता बताई। राजेंद्र भारती ने भी श्रद्धांजलि सभा में अपने विचार रखे और अम्बेडकर द्वारा दिए गए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया। सभा में नेमीचंद, गौतम, केशव चंद, राज बहादुर, शशिकांत, करण बहादुर सिंह, विजय सिंह सहित अनेक प्रमुख लोग मौजूद रहे। सभी ने मिलकर अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।





