आगरा। आगरा में दीपावली और भाई दूज के पर्व पर बढ़ने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए आगरा परिवहन विभाग ने विशेष इंतजाम किए हैं। रोडवेज 250 से अधिक अतिरिक्त बसें चला रहा है। साथ ही बसों के फेरे भी बढ़ाए गए हैं। त्योहार पर 24 घंटे बसें मिलेंगी। पंचोत्सव के चलते परिवहन निगम ने कर्मचारियों और अधिकारियों की छुट्टी रद कर दी है।
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक ब्रह्मप्रकाश अग्रवाल ने बताया– 26 अक्टूबर से दिवाली स्पेशल संचालन शुरू हो जाएगा। सभी रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं। सबसे अधिक यात्री दिल्ली की तरफ जाने वाले होते हैं। इसलिए दिल्ली मार्ग पर फेरे अधिक बढ़ाए गए है। इस रूट पर सामान्य तौर पर 60 बसें चलती हैं। दिवाली पर भीड़ काे देखते हुए 51 बसें बढ़ाई गई हैं। इस रूट पर अब 111 बसों का संचालन होगा। साथ ही नोएडा-कौशांबी-आनंद विहार पर 110 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इस रूट पर सामान्य तौर पर 100 बसें चलती हैं। दिवाली पर इस रूट पर 110 बसें बढ़ाई गई हैं। जयपुर रूट पर भी 80 बसें बढ़ाई गई हैं। वर्तमान में परिक्षेत्र के बेड़े में 705 बसें हैं। वर्कशॉप में खड़ी बसों को भी दुरुस्त कराया गया है, ताकि यात्रियों की संख्या अधिक होने पर इन बसों को भी चलाया जा सके। स्थानीय रूटों की बात करें तो मैनपुरी, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, भरतपुर आदि मार्गों के लिए लगभग 150 बसें अतिरिक्ति फेरों के साथ संचालित की जाएंगी।
सभी रूटों के चालक-परिचालकों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे बस की छत पर यात्रियों को न बैठाएं। चेकिंग के दौरान यदि किसी बस की छत पर यात्री बैठे मिले तो चालक-परिचालक के खिलाफ कार्रवाई होगी। चालक-परिचालक को निर्देशित किया है कि त्योहार पर कोई भी चालक बस को बाईपास से होकर सीधे नहीं गुजारेगा। बसों को रोडवेज के बस अड्डा तक ले जाना अनिवार्य होगा, जिससे की सवारियाों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक ब्रह्मप्रकाश अग्रवाल ने बताया- आगरा से दिल्ली, देहरादून, हरिद्वार, इटावा, बनारस, प्रयागराज, कानपुर, मेरठ, बरेली, जयपुर, ग्वालियर, हरियाणा, लखनऊ रूट पर विशेष तौर पर अतिरिक्त बसें लगाई गई है।