---Advertisement---

ऑटो न ले जाने पर दूधिया से थर्ड डिग्री, चौकी प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों पर मुकदमा

Published On: January 20, 2026
---Advertisement---

आगरा में पुलिसिया बर्बरता का गंभीर मामला सामने आया है। ऑटो न ले जाने की बात पर दूधिया नरेंद्र कुशवाह के साथ थर्ड डिग्री किए जाने के आरोप में जीवनी मंडी चौकी प्रभारी रविंद्र कुमार समेत चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।पीड़ित के पिता ओमवीर कुशवाह की तहरीर पर थाना छत्ता में चौकी प्रभारी रविंद्र कुमार, दारोगा सनी, हेड कांस्टेबल संजय और कांस्टेबल राज बिहारी के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि चौकी प्रभारी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर नरेंद्र कुशवाह की बेरहमी से पिटाई की और थर्ड डिग्री का इस्तेमाल किया।बताया गया कि शुरुआती मेडिकल जांच में चोटों को छुपा लिया गया, लेकिन करीब 12 दिन बाद कराए गए री-मेडिकल में नरेंद्र कुशवाह के पैर में तीन स्थानों पर गंभीर चोट की पुष्टि हुई। इसके बाद मामला तूल पकड़ गया और जांच तेज की गई।एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय द्वारा की गई जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए, जिसके बाद चौकी प्रभारी रविंद्र कुमार को निलंबित कर दिया गया, जबकि दारोगा सनी समेत दो सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है।मामला उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तक पहुंचने और कुशवाह समाज के दबाव के बाद एफआईआर दर्ज होने की बात भी सामने आई है। पुलिस कार्रवाई से नाराजगी और आक्रोश के बीच अब प्रशासन पर निष्पक्ष कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि आगे की कार्रवाई मेडिकल रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष के आधार पर की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की बात कही गई है।

---Advertisement---

Leave a Comment