---Advertisement---

चार दिन बैंक रहेंगे बंद: बैंक संबंधी जरुरी सारे काम आज ही निपटा ले

Published On: January 23, 2026
---Advertisement---

आगरा। बैंक संबंधी कोई काम है तो आज ही निपटा लें। शनिवार से लगातार चार दिन बैंक बंद रहेंगे। सोमवार तक अवकाश और मंगलवार को बैंकों की हड़ताल रहेगी।
बैंक कर्मचारी पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर 27 जनवरी को हड़ताल पर रहेंगे। इसके विरोध में उन्होंने बृहस्पतिवार को संजय प्लेस स्थित कार्यालय से शहीद स्मारक तक पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। इस हड़ताल के कारण शनिवार से चार दिन तक बैंक बंद रहेंगे।

लीड बैंक के मैनेजर अंकित सहगल ने बताया कि 24 जनवरी को महीने का चौथा शनिवार और फिर रविवार को साप्ताहिक अवकाश है। सोमवार को गणतंत्र दिवस के कारण बैंक बंद रहेंगे। 27 जनवरी को पांच दिन काम के सप्ताह की मांग को लेकर बैंकों में हड़ताल रहेगी। इसलिए बैंक 28 जनवरी से ही फिर से खुलेंगे।

संयोजक गजेंद्र सिंह ने बताया कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की ओर से लंबे समय से सप्ताह में पांच दिन कार्य करने की मांग की जा रही है। इसके लिए सरकार और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन के बीच समझौता भी हो चुका है लेकिन इसे लागू नहीं किया जा रहा है।वित्तीय सेवा विभाग (DFS) काफी समय से इस मांग पर विचार करने से बच रहा है, जबकि बैंकों में दैनिक कार्य समय में 90 मिनट की वृद्धि कर दी गई है।

इसी मांग के लिए बैंक कर्मचारी हड़ताल करेंगे। ऑल इंडिया पंजाब नेशनल बैंक ऑफिसर एसोसिएशन की आगरा इकाई के मंडल सचिव परवेश कुमार ने बताया कि हड़ताल में सभी बैंक संगठन शामिल होंगे। इस मौके पर पंकज शर्मा, सौरभ शर्मा, सौरभ राठौर, अंकित गर्ग और शैलेंद्र झा मौजूद रहे।

---Advertisement---

Leave a Comment