बुलंदशहर। खाना खाने के बाद परिवार के चार लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इलाज के दौरान दादा-पोते की मौत हो गई, जबकि दो का इलाज चल रहा है।
बुलंदशहर के नरसेना थाना इलाके के गांव महमूदपुर बरवाला में रहने वाले एक ही परिवार के 4 लोगो की तबियत अचानक बिगड़ गयी। बताया जा रहा है कि कल रात कलुआ भुने हुए चने लेकर घर पंहुचा। जिसको बाद में कलुआ, उसकी पत्नी, चार बेटी सहित भाई के पोते ने खाया। वही उसकी पत्नी ने शिमला मिर्च की सब्जी बनायीं थी, जिससे रात पूरे परिवार ने खाना खाया। उसके बाद सब सोने चले गए। लेकिन करीब रात एक बजे कलुआ, उसकी पत्नी,बेटी और भाई के नाती की अचानक तबियत बिगड़ गयी। जिसके बाद उन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान कलुआ और उसके नाती की मौत हो गयी।
चिकित्सक ने कलुआ की पत्नी और बेटी को स्याना के लिए रेफर कर दिया। परिजनों ने स्याना के आर्यन अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। जहां उनका उपचार चल रहा है। गांव में दो मौत होने की सूचना पर मातम छाया हुआ है। परिजनों ने मृतकों का पोस्टमार्टम करने से इनकार कर दिया है। परिजनों ने बताया देर रात करीब दस बजे सभी को उल्टी हुई थी, जिसके बाद ही सभी की तबियत बिगड़ने लगी।