- कर्मचारियों ने तोड़ा मलिक का भरोसा, विश्वास घात की चौंकाने वाली घटना
मलपुरा। विश्वासघात की चौंकाने वाली घटना में नगला वृद्धा स्थित गोयल टायर्स दुकान से करीब 400 टायर चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित दुकान मालिक बृजमोहन गोयल निवासी अजीतनगर गेट, खेरिया मोड़ ने थाना मलपुरा में मुकदमा दर्ज कराया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोयल ने ढाई साल पहले अजय कुशवाहा को और छह महीने पहले लखन सिंह को दुकान पर काम पर रखा था। पत्नी के कैंसर से ग्रस्त होने के बाद दुकान पर मालिक का आना-जाना कम हो गया था। जिसके चलते उन्होंने पूरा भरोसा करते हुए दुकान की जिम्मेदारी अजय को सौंप दी थी।
इसी विश्वास का दुरुपयोग करते हुए, अजय कुशवाहा और लखन सिंह ने कथित रूप से मिलकर लंबे समय से टायर चोरी कर, पास में स्थित कुशवाहा टायर्स के संचालक होरीलाल कुशवाहा निवासी नगला बुद्धा को बेचना शुरू कर दिया था। दुकान मालिक को इसका पता तब चला जब वह शनिवार को अचानक दुकान पहुंचे और देखा कि दुकान का लगभग पूरा 400 टायर का स्टॉक गायब है।
इंस्पेक्टर विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि, चोरी में सम्मिलित तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।





