- नॉर्थ ईदगाह कॉलोनी में 500 से अधिक परिवारों को मिली सर्दी से राहत
आगरा। सर्दी के मौसम में कोई भी जरूरतमंद ठंड से परेशान न हो, इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने नॉर्थ ईदगाह कॉलोनी स्थित पार्क में जरूरतमंद परिवारों को कंबल वितरित किए। इस दौरान 500 से अधिक जरूरतमंद परिवारों की महिलाओं को प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कंबल भेंट किए गए।
कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि योगी सरकार में बिना किसी भेदभाव के जरूरतमंदों को सरकार की योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। प्राकृतिक आपदाओं से लेकर कड़ाके की सर्दी में लोगों को राहत पहुंचाने के लिए प्रदेश सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों में जाति और धर्म के आधार पर योजनाओं का लाभ दिया जाता था, जबकि वर्तमान सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाने के लिए पार्षदों और पार्टी पदाधिकारियों को जरूरतमंदों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए थे, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी सहायता से वंचित न रहे। कंबल पाकर महिलाओं के चेहरे खिल उठे और उन्होंने प्रदेश सरकार के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री के साथ डॉ. आलोकिक उपाध्याय, नायब तहसीलदार विमल कुमार, मंडल अध्यक्ष राजू कुशवाहा, ओम प्रताप सिंह, संजय जैन, सुनील करमचंदानी, राजवीर धाकड़, दिलीप वर्मा, संदीप वर्मा, पूर्व पार्षद ओमप्रकाश धाकड़, प्रेम सिंह धाकड़, रानी माहौर, विकास महाजन, गौरव सारस्वत, उमेश पेरवानी, तनवीर करह सहित दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के पार्षद, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





