दिसंबर 2025 तक जनता के लिए खुलेगा फ्लाईओवर. जाम से मिलेगी राहत
अलीगढ़ के क्वार्सी चौराहे पर 630 मीटर लंबे फ्लाईओवर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। 71 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस फ्लाईओवर का 50 प्रतिशत कार्य जुलाई 2025 तक पूरा होने की उम्मीद है। सेतु निगम का लक्ष्य दिसंबर 2025 से पहले निर्माण पूरा कर इसे जनता के लिए खोलना है। यह फ्लाईओवर शहर में यातायात को सुगम बनाने और जाम की समस्या से निजात दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
निर्माण कार्य की प्रगति
फ्लाईओवर के निर्माण के लिए कुल 12 खंभों पर सब-स्ट्रक्चर का कार्य किया जा रहा है। इनमें से दो खंभों का काम पहले ही पूरा हो चुका है। शेष 10 खंभों के सब-स्ट्रक्चर कार्य को गति देने के लिए मजदूरों की संख्या बढ़ाई गई है। डीपीएम मोहित कुमार ने बताया कि सब-स्ट्रक्चर पूरा होने के बाद सुपर-स्ट्रक्चर और रिटेनिंग वॉल का निर्माण शुरू होगा। निर्माण में गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। दिन-रात कार्य चल रहा है ताकि फ्लाईओवर को तय समय पर पूरा किया जा सके।
जाम से मिलेगी राहत
क्वार्सी चौराहा अलीगढ़ में यातायात का प्रमुख केंद्र है. जहां अक्सर जाम की स्थिति रहती है। स्थानीय व्यापारी शरद अग्रवाल ने कहा कि फ्लाईओवर बनने से यात्रियों को जाम से छुटकारा मिलेगा और आवागमन आसान होगा। कन्हैया नाम के एक नागरिक ने बताया कि रोजाना जाम के कारण समय की बर्बादी होती है। फ्लाईओवर के चालू होने से समय की बचत होगी। व्यापारी अनिल कुमार ने कहा कि जाम के कारण ग्राहकों को आने-जाने में परेशानी होती है. जिसका असर कारोबार पर पड़ता है। फ्लाईओवर के बनने से व्यापार में भी सुधार की उम्मीद है।
समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण
सेतु निगम के अधिकारियों का कहना है कि फ्लाईओवर का निर्माण कार्य तय समयसीमा के अनुसार चल रहा है। मोहित कुमार ने बताया कि नया साल शुरू होने से पहले फ्लाईओवर को जनता के लिए खोलने का लक्ष्य है। इसके लिए सभी संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है। निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जा रहा। यह परियोजना अलीगढ़ के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है. जो शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगी और नागरिकों के लिए सुविधाजनक होगी।