मथुरा। एक पत्नी ने अपने प्रेम प्रसंग के चलते अपने ही पति को मौत के घाट उतार दिया। आधी रात को उसने तीन युवकों को घर में बुलाया। इसके बाद पति की डंडे से पीट – पीटकर हत्या कर दी। उसके बाद कपड़े उतारकर पति की लाश को घर से बाहर फेंक दिया। गांव वालों ने जब लाश देखी तो शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर पत्नी भी दौड़ते हुए घर से बाहर निकल आई और पति की लाश पर दहाड़ें मारकर रोने लगी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना जमुनापार के गांव लोहवन की टावर वाली गली में शुक्रवार की सुबह घर के बाहर अशोक का शव लहू लुहान हाल में पड़ा मिला। ये देखकर ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। जिसके बाद लोगो ने उसके घर का दरवाजा खटखटाया जब उसकी पत्नी भारती भी बाहर आयी। जब उसे बताया गया तो वह दहाड़े मारकर रोने लगी और यह दिखाने का प्रयास किया कि छत से गिरकर अशोक की मौत हुई है।
मृतक युवक के भाई ने बताया कि अशोक की करीब 14 साल पहले आगरा के अरेला गांव निवासी बनारसी लाल की बेटी भारती के साथ शादी हुई थी। उसने आरोप लगाया कि शादी से पहले ही उसका अपने मायके में किसी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिससे आये दिन घर में झगड़ा होता रहता था। शादी के बाद उसके दो बच्चे हुए। बड़ा बेटा आठ साल का है तथा छोटा बेटा चार साल का है।
मृतक के भाई के अनुसार उसके आठ साल के भतीजे सनी ने थाने में ही सबके सामने हत्या का राजफाश कर दिया। सनी ने पुलिस को बताया कि मम्मी ने पापा को तीन लोगों के साथ मिलकर डंडे से मारा। एक हत्यारे ने उसे भी डांटा और किसी को कुछ बताने पर पिता की तरह पिटाई करने को बोला। इसके बाद वह डर के मारे सो गया। घर पर भी उसने किसी को कुछ नहीं बताया।
अशोक की हत्या में प्रयोग किया गया डंडा उसके घर से 500 मीटर की दूरी पर एक खेत में पड़ा हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने डंडे को कब्जे में ले लिया। हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार और महिला के तीन साथियों की जानकारी अभी तक पुलिस को नहीं लगी है।