दोस्त को शादी का कार्ड देने गया दूल्हा गायब, आज है लगुन, 22 नवंबर को शादी

आगरा। आगरा में बरात ले जाने से पांच दिन पहले दूल्हा गायब हो गया। परेशान परिजनों ने उसे काफी तलाशा लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई है। परिजनों ने दूल्हे की गुमशुदगी एत्माद्दौला थाने में दर्ज कराई है। मोती महल, एत्माद्दौला के 27 वर्षीय अमित कुमार की शादी जगदीशपुरा के कलवारी गांव की युवती से तय हुई है। भाई राहुल ने बताया कि अमित का 20 नवंबर को लगुन टीका और 22 नवंबर को बरात जानी है।

17 नवंबर की शाम चार बजे अमित एक्टिवा से छलेसर में रहने वाले अपने मित्र विकास को अपनी शादी का कार्ड देने गया था। कई घंटे बाद अमित नहीं लौटे तो परिजनों ने शाम सात बजे मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया तो मोबादल बंद था।
जिस एक्टिवा से वो गया था, उसका भी कोई पता नहीं चला। अमित का मोबाइल भी बंद जा रहा है। छानबीन करने पर अमित छलेसर पर एक ढाबे पर लगे सीसीटीवी में जाते दिखाई दे रहे हैं मगर लौटने का फुटेज में नहीं है।

इंस्पेक्टर राजेंद्र त्यागी ने बताया पुलिस सर्विलांस की मदद से लोकेशन का पता लगाने का प्रयास कर रही है। इसके अलावा अमित के मोबाइल की कॉल डिटेल भी निकलवाई है। उसका पता लगा बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि अमित का वाट्सएप मंगलवार सुबह तक चालू था। मैसेज करने पर उसमें ब्लू टिक का निशान आया। वह फेसबुक आइडी पर दोपहर 12 बजे तक सक्रिय थे। गायब होने से पहले अमित की अपनी मंगेतर से भी बात हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *