पीड़ित ने लगाया जान से मारने की धमकी देने का आरोप, गिरफ्तारी की मांग
अछनेरा। थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव धनौली निवासी देव कुमार पुत्र मूलचंद ने थाना अछनेरा में तहरीर देकर गंभीर आरोप लगाए हैं कि वह मंगलवार सुबह करीब 10 बजे मजदूरी करने आगरा जा रहा था, तभी रायभा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास रायभा निवासी राहुल, राधे, रिंकू सहित 10 से 12 अन्य दबंगों ने उसे रास्ते में रोक लिया और बीच सड़क पर लाठी-डंडों व लात-घूंसों से बेरहमी से पीट डाला।
पीड़ित का आरोप है कि उक्त हमलावरों ने पुरानी रंजिश के चलते सुनियोजित तरीके से उसे घेरकर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मारपीट की पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि दर्जनों लोग मिलकर युवक को गिराकर बेरहमी से पीट रहे हैं, जबकि राहगीर तमाशबीन बने रहे। बताया जा रहा है कि आरोपियों द्वारा कुछ माह पूर्व भी गांव धनौली में मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया था, जिसकी रंजिश में इस बार युवक को रायभा में घेरकर जानलेवा हमला किया गया।
घटना के बाद पीड़ित ने थाना अछनेरा पहुंचकर तहरीर दी, लेकिन आरोप है कि अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे दबंगों के हौसले बुलंद हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी उसे दोबारा जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। गुरुवार को पीड़ित परिवार पुनः थाने पहुंचा और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी व सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है, वहीं वायरल वीडियो के आधार पर भी आरोपियों की पहचान की जा रही है।
क्षेत्र में इस घटना के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, क्योंकि खुलेआम बीच सड़क दबंगई कर युवक की पिटाई होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर बड़ा प्रश्नचिन्ह लगा रहा है।





