आगरा के थाना नाई की मंडी क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब फोम के एक गोदाम में अचानक आग लग गई। घटना नाई की मंडी के बड़े गालिबपुरा स्थित नेहरा वाली गली की है, जहां संकरी गलियों के कारण दमकल कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन गली अत्यंत संकरी होने के कारण वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच सके। इसके बाद दमकल कर्मियों ने लगभग 100 फीट लंबाई के 13 पाइप जोड़कर आग वाले स्थान तक पानी पहुंचाया और आग बुझाने का कार्य शुरू किया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) देवेंद्र सिंह ने बताया कि उक्त मकान के भूतल पर इमरान द्वारा फोम का गोदाम बनाया गया था, जबकि परिवार ऊपर की मंजिल पर रहता था। मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे शॉर्ट सर्किट के चलते गोदाम में आग लग गई। आग लगते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और मकान में रहने वाले सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।
फोम होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी, जिससे आसपास के घरों को भी खतरा पैदा हो गया। संकरी गलियों की वजह से बचाव कार्य में दिक्कतें आईं, लेकिन दमकल कर्मियों की सतर्कता और मेहनत से करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया गया।गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि गोदाम में रखा फोम का सामान जलकर खाक हो गया। प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
फोम गोदाम में भीषण आग, संकरी गली बनी चुनौती, दमकल ने एक घंटे में पाया काबू
By Hariom Singh
Published On: January 20, 2026
---Advertisement---




