बासौनी। गांव बासौनी में बीती रात नहर अचानक फूट जाने से खेतों में पानी भर गया। इस घटना में किसान राजवीर की सरसों की पूरी फसल गहरे पानी में डूबकर पूरी तरह नष्ट हो गई। सुबह जब किसान खेत पर पहुंचा तो पूरा खेत पानी में डूबा देख उसके होश उड़ गए।
राजवीर का कहना है कि सरसों की फसल पूरी तरह तैयार खड़ी थी, कुछ ही दिनों में कटाई का समय आने वाला था। मगर नहर फूटने से खेत में तेज बहाव के साथ पानी घुस गया जिससे पूरी फसल चौपट हो गई। किसान ने इसे अपना भारी आर्थिक नुकसान बताया है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि नहर की कई बार मरम्मत की मांग की गई थी, लेकिन समय पर ध्यान न दिए जाने का नतीजा यह हुआ कि रात में नहर टूटकर आसपास के किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर पीड़ित किसान को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
घटना के बाद से क्षेत्र के किसानों में नाराज़गी है और सभी ने नहर की स्थायी मरम्मत व निगरानी की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो।





