विधायक छोटेलाल वर्मा ने 4.8 किलोमीटर लंबी दो नई सड़कों का किया भूमि पूजन
फतेहाबाद। सोमवार को फतेहाबाद तहसील के अंतर्गत दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों का आधिकारिक भूमि पूजन संपन्न हुआ। क्षेत्रीय विधायक छोटेलाल वर्मा ने ग्राम रिहावली से साकुरी खुर्द और पूरा गूगरन ब्राह्मणद होते हुए, बीचकपुरा तक जाने वाले 3.5 किलोमीटर लंबे मार्ग का शिलान्यास किया, जिसकी कुल निर्माण लागत 2 करोड़ 38 लाख 35 हजार रुपये तय की गई है। इसके साथ ही पिन्नापुरा मार्ग से नई आबादी शाला मार्ग तक 1 किलोमीटर 300 मीटर लंबी एक अन्य सड़क का भी भूमि पूजन किया गया, जिसकी लागत 85 लाख 49 हजार रुपये है। इन दोनों सड़कों 3 करोड़ 23 लाख 84 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इस दौरान बाबा राघव दास ने धार्मिक विधि-विधान संपन्न कराकर उपस्थित लोगों को संबोधित किया। कार्यक्रम में प्रधान वीरभान सिंह गुर्जर, राजू वर्मा, पीडब्ल्यूडी के अधिकारी और पिन्नापुरा सहित आसपास के ग्रामीण मौजूद रहे। लोक निर्माण विभाग की देखरेख में बनने वाली इन सड़कों से क्षेत्र की कनेक्टिविटी में सुधार होगा।





