मणिपुर। मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने आज अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने राजभवन में राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मुलाकात की और मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंपा। आज ही उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। लंबे समय तक राज्य में हुई हिंसा के कारण वह आलोचना का सामना कर रहे थे। पार्टी के कई विधायक भी उनसे नाराज चल रहे थे।
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने राज्य में अपनी नेतृत्व क्षमता को लेकर भाजपा में बढ़ते असंतोष को शांत करने के लिए मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। उनकी सरकार को कांग्रेस द्वारा संभावित अविश्वास प्रस्ताव और फ्लोर टेस्ट का सामना करना पड़ सकता था। मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने आज शाम राज्यपाल अजय कुमार भल्ला को अपना इस्तीफा सौंपा।
भले ही कॉनराड संगमा की नेशनल पीपल्स पार्टी (NPP) ने समर्थन वापस ले लिया था, फिर भी भाजपा के पास बहुमत के लिए पर्याप्त संख्याबल था। लेकिन पार्टी के कुछ विधायकों ने नेतृत्व परिवर्तन की मांग उठाई थी। यदि फ्लोर टेस्ट होता, तो इन असंतुष्ट विधायकों द्वारा पार्टी व्हिप का उल्लंघन करने की संभावना थी, जिससे सरकार को संकट का सामना करना पड़ सकता था। इस स्थिति से बचने के लिए, मुख्यमंत्री ने पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा के बाद इस्तीफा देने का फैसला किया।
एन बीरेन सिंह आज सुबह ही दिल्ली पहुंचे थे, जहां उन्होंने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस बैठक में राज्य की राजनीतिक स्थिति और संभावित विकल्पों पर चर्चा की गई। भाजपा सूत्रों के अनुसार, करीब 12 विधायक नेतृत्व परिवर्तन के लिए जोर दे रहे थे, जबकि 6 विधायक तटस्थ रुख अपनाए हुए थे। इसके अलावा, स्पीकर और मुख्यमंत्री के बीच मतभेद भी एक महत्वपूर्ण कारण बताया जा रहा है।