- गुरुद्वारा में कीर्तन दरबार सजाये जायेंगे
- सवा लाख श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था
- आकर्षक सजावट व भव्य आतिशबाजी
आगरा। सिख धर्म के संस्थापक व प्रथम गुरु नानक देव जी के 556वे प्रकाश पर्व कार्तिक पूर्णिमा को मनाया को मनाया जाता है जिसके भव्य आयोजन की तैयारी पूर्ण हो चुकी है। इस अवसर पर बुधवार को गुरुद्वारों में कीर्तन दरबार सजाए जाएंगे तो नगर कीर्तन भी निकाला जाएगा। लंगर में प्रसाद वितरण होगा जो सुबह से शाम तक चलेगा। गुरुद्वारों में आकर्षक सजावट व आतिशबाजी होगी, मुख्य आकर्षण का केन्द्र यहां होने वाली आतिशबाजी रहेगी।
गुरुद्वारा गुरु का ताल में तड़के 4 बजे से ही संगत की आवाजाही शुरू हो गयी, जो रात एक बजे तक चलेगी। गुरुद्वारा गुरु का ताल के मुखी संत बाबा प्रीतम सिंह ने बताया हर साल सवा लाख संगत गुरुद्वारा गुरु का ताल में माथा टेकने के लिए आती है। इसमें केवल सिख ही नहीं, बल्कि हर धर्म व जाति के लोग शामिल रहते हैं। यहां पहुंचकर गुरु ग्रंथ साहिब के आगे माथा टेक कर गुरु महाराज की खुशियां प्राप्त करते हैं। उन्होंने व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए जत्थेदार बाबा राजेंद्र सिंह इंदौरिया, बाबा अमरीक सिंह, महंत हरपाल सिंह, ज्ञानी केवल सिंह, ग्रंथि हरबंस सिंह, टीटू सिंह, हरनाम सिंह आदि के साथ बैठक भी की।
रेलवे ओवर ब्रिज के सामने कट को खोलने की मांग
मीडिया प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि गुरुद्वारा गुरु का ताल का प्रतिनिधिमंडल विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक, साफ सफाई आदि के लिए निवेदन कर चुका है। मेट्रो के अधिकारियों से भी वार्ता कर रेलवे ओवर ब्रिज के सामने कट को खोलने का आग्रह किया गया है। इसके खुलने से बाइक शोरूम के सामने बनाए गए यू टर्न से संगत सीधे गुरुद्वारा गुरु कट पर पहुंच सकेगी।
सवा लाख श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था
गुरुद्वारा गुरु का ताल में आने वाली सवा लाख संगत के लंगर की व्यवस्था बाबा अमरीक सिंह संभाल रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष लंगर के विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रकाश उत्सव के दिन लंगर की व्यवस्था भाई नंदलाल दीवान हॉल में की जाएगी। यहां एक बार में 4000 से अधिक श्रद्धालु आराम से बैठकर लंगर ग्रहण कर सकते हैं। विभिन्न संस्थाओं की ओर से खाने पीने के विभिन्न व्यंजनों के स्टाल भी लगाए जा रहे हैं। लंगर दीवान हॉल में सुबह 8 बजे से रात्रि 1 बजे तक निरंतर जारी रहेगा। आतिशबाजी का प्रदर्शन अलीगढ़ के आतिशबाज सरदार मोहन सिंह करेंगे।





