सिंधी युवा मंच व सिंधी जनरल पंचायत ने 83वें बलिदान दिवस पर किया नमन
आगरा। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीद हेमू कलानी का 83वां बलिदान दिवस सिंधी युवा मंच एवं पूज्य सिंधी जनरल पंचायत शाहगंज द्वारा श्रद्धा के साथ मनाया गया। तहसील चौराहे पर स्थित शहीद हेमू कलानी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि हेमू कलानी का जीवन देशभक्ति, साहस और त्याग का प्रतीक है। योगी विश्वनाथ ने कहा कि अल्प आयु में राष्ट्र के लिए बलिदान देने वाले क्रांतिकारी आज के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं।
सिंधी सेंट्रल पंचायत अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सोनी ने कहा कि हेमू कलानी केवल सिंधी समाज ही नहीं, बल्कि पूरे देश के युवाओं के लिए आदर्श हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता चिमन पैरवाणी व नरेश लखवानी ने की तथा संचालन हरीश टहल्यानी ने किया।
संस्था संरक्षक हेमंत भोजवानी ने बताया कि वर्ष 1999 में शहीद की प्रतिमा स्थापित की गई थी तथा विगत 35 वर्षों से संस्था द्वारा 21 जनवरी को बलिदान दिवस व 23 मार्च को जन्मदिवस मनाया जाता है।
ऐसे थे अमर शहीद हेमू कलानी
हेमू कलानी का जन्म 23 मार्च 1923 को सिंध प्रांत के सख्खर में हुआ था। छात्र जीवन से ही वे स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े। स्वराज सेना का गठन कर अंग्रेजों को चुनौती दी। हथियारों से भरी अंग्रेजी रेल को पटरी से उतारने के प्रयास में पकड़े गए और 21 जनवरी 1943 को मात्र 19 वर्ष की उम्र में फांसी दे दी गई।
मौजूद रहे
मोहनलाल बोधवानी, श्याम भोजवानी, भोजराज लालवानी, कन्हैया सोनी, सुनील कर्मचंदानी, पार्षद राधारानी, गोपाल चाहर, विजय भाटिया, नरेश हांडा, महेंद्र कुमार, सुरेश राजपाल, हर्ष ढालिया, उमेश पेरवानी, मनोज नोतनानी, दीपक आहूजा सहित अनेक गणमान्य मौजूद रहे। कार्यक्रम उपरांत फल वितरण किया गया।





