- दूध के ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा
आगरा। आगरा के शमसाबाद थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ बड़ा गाँव स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर एक तेज रफ्तार दूध के टैंकर ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसकी हालत फिलहाल बेहद नाजुक बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब शमसाबाद से आगरा की ओर जा रहे एक दूध के ट्रक ने विपरीत दिशा से आ रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक ट्रक के नीचे आ गया और गंभीर रूप से चोटिल हो गया। घायल की पहचान बडोबरा खुर्द निवासी विकास सिंह पुत्र प्रताप सिंह के रूप में हुई है। हादसे की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही शमसाबाद थाना प्रभारी सुरेंद्र राव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल विकास को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए आगरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद ट्रक चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने ओवरब्रिज पर यातायात को सुचारू रूप से बहाल कर दिया है।




