पद से नहीं अपने काम से बनाई पहचान
युवाओं और ब्राह्मण समाज के चहेते बने गौरव शर्मा
सियासी सूरमा
- युवा और ब्राह्मण समाज की राजनीति का उभरता हुआ चेहरा पार्षद गौरव शर्मा
- कारगिल की आधुनिक रौनक से मॉडल रोड तक पार्षद गौरव शर्मा ने बदली क्षेत्र की तस्वीर
- कोरोना काल के संकटमोचक और बेदाग छवि वाले जनसेवक गौरव शर्मा का राजनीतिक सफर
- विकास की नई इबारत लिखने वाले बेदाग पार्षद गौरव शर्मा की गौरवशाली कहानी
सियासत के आंगन में जब युवा जोश और जनसेवा का संकल्प एक साथ मिलता है तो गौरव शर्मा जैसा सशक्त नेतृत्व सामने आता है। ताजनगरी की युवा राजनीति और ब्राह्मण समाज के बीच अपनी एक मजबूत पैठ बनाने वाले गौरव शर्मा वर्तमान में आवास विकास पश्चिम से लोकप्रिय पार्षद हैं। वे केवल अपने वार्ड की सीमाओं तक सीमित नहीं रहते हैं बल्कि पूरे क्षेत्र में विकास की एक नई मिसाल पेश कर रहे हैं।
ब्राह्मण समाज में गहरी पैठ और सम्मान
गौरव शर्मा को आगरा में युवा और ब्राह्मण समाज की राजनीति का एक बेहद उभरता हुआ चेहरा माना जाता है। उन्होंने भगवान परशुराम चौक वाले महत्वपूर्ण मामले को अग्रिम पंक्ति में रहकर पूरी ताकत से लीड किया और समाज के मान सम्मान को बढ़ाया। इसके साथ ही उन्होंने लक्ष्मी पैलेस के सामने जाने वाली रोड पर भव्य भगवान परशुराम द्वार का निर्माण भी कराया। समाज के प्रबुद्ध जनों के प्रति आदर व्यक्त करते हुए उन्होंने असोपा जाने वाली मुख्य रोड का नामकरण डॉ हरी शंकर असोफा रोड करवाया है। ये सभी कार्य समाज के प्रति उनके गहरे जुड़ाव और सम्मान को साफ दर्शाते हैं।
विकास के कार्य और क्षेत्र का कायाकल्प
आवास विकास परिषद के बनने के बाद से जो बुनियादी समस्याएं दशकों से जस की तस थीं उनका समाधान गौरव शर्मा ने अपनी प्राथमिकता में रखा। उन्होंने क्षेत्र के आठ प्रमुख पार्कों का सुंदरीकरण कराया और लगभग पंद्रह ऐसी गलियों का पक्का निर्माण कराया जो वर्षों से बदहाल स्थिति में थीं। उन्होंने कारगिल पेट्रोल पंप से करकुंज तक आधुनिक फैंसी लाइटें लगवाईं। जिससे आगरा में फास्ट फूड के लिए सबसे ज्यादा प्रसिद्ध कारगिल क्षेत्र की रौनक और रात्रिकालीन व्यापार काफी बड़ गया है। इसके अलावा उन्होंने भावना क्लार्क इन से सेक्टर चार मंदिर तक और कारगिल से लोहामंडी जोनल कार्यालय तक शानदार मॉडल रोड का निर्माण कराया है।
कोरोना काल में सेवा और सांगठनिक सफर
गौरव शर्मा का राजनीतिक सफर सांगठनिक निष्ठा और जमीनी संघर्ष से जुड़ा है। वे पूर्व में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कैलाश मंडल उपाध्यक्ष और महानगर भाजपा के कार्यकारिणी सदस्य के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके साथ ही वे एयरपोर्ट सलाहकार समिति के सम्मानित सदस्य भी हैं। केंद्रीय मंत्री प्रोफेसर एस पी सिंह बघेल के बेहद करीबी और विश्वसनीय सहयोगियों में उनकी गिनती होती है। कोरोना महामारी के सबसे भीषण दौर में जब लोग अपने घरों में कैद थे तब गौरव शर्मा ने अपनी जान की परवाह किए बिना केंद्रीय मंत्री जी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर हर प्रभावित इलाके में सैनिटाइजेशन और राशन किट वितरण का कार्य किया था।
जनता के सच्चे संकटमोचक और बेदाग छवि
एक जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि उनके कार्यालय पर आया हुआ कोई भी फरियादी कभी खाली हाथ नहीं लौटता है। वे अन्य पार्षदों की तरह कभी यह कहकर पल्ला नहीं झाड़ते हैं कि तुम मेरे वार्ड के निवासी नहीं हो बल्कि उनके द्वारा हल की गई समस्याओं के ऑन रिकॉर्ड आंकड़ों में नब्बे प्रतिशत लोग अन्य वार्डों के होते हैं। केंद्रीय मंत्री जी के विशेष सहयोग से उन्होंने आवास विकास परिषद के माध्यम से अन्य वार्डों की सडक़ों का भी समाधान कराया है। सैकडों विकास कार्य कराने और बड़ी विकास राशि क्षेत्र में खर्च करने के बाद भी आज तक उन पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है जो उनकी ईमानदारी और साफ छवि का सबसे बड़ा प्रमाण है।