आगरा। पुलिस की ईमानदारी और तत्परता का अनोखा उदाहरण सामने आया है। दिल्ली से शादी में शामिल होने आई एक महिला का सोने-चांदी के जेवर और नकदी से भरा पर्स खो गया था, जिसे दयालबाग चौकी पुलिस ने महज 24 घंटे में बरामद कर महिला को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी शिल्पी सागर शादी समारोह में शामिल होने आगरा आई थीं। समारोह के बाद लौटते वक्त उनका पर्स ई-रिक्शा में छूट गया। पर्स में सोने-चांदी के जेवर, नकदी और अन्य जरूरी दस्तावेज थे।
महिला ने तत्काल चौकी दयालबाग पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बिना देर किए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और ई-रिक्शा चालक तक सुराग जोड़ा। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पर्स बरामद कर महिला को सकुशल लौटा दिया।
पुलिस की ईमानदारी और संवेदनशीलता देखकर शिल्पी सागर ने कहा “ऐसी ईमानदार पुलिस पर गर्व है।” इस कार्यवाही से दयालबाग पुलिस चौकी की सराहना पूरे क्षेत्र में हो रही है।





