सिकंदरा तिराहा पर दर्दनाक हादसा, परिवार में मचा कोहराम
आगरा। सिकंदरा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में डीवीवीएनएल के जेई की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने हाईवे पार कर रहे जेई को टक्कर मार दी और चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।दहतोरा रोड स्थित ब्रज द्वारिका कॉलोनी निवासी 48 वर्षीय शैलेन्द्र सिंह डीवीवीएनएल में जूनियर इंजीनियर (जेई) के पद पर कार्यरत थे। उनकी तैनाती छटीकला, मथुरा में थी। परिजनों के अनुसार पिछले करीब दस दिनों से उनकी कार खराब थी, जिस कारण वे बस से ड्यूटी आना-जाना कर रहे थे।
मृतक के बेटे और बैडमिंटन कोच राजन सिंह ने बताया कि वह रोज़ की तरह शनिवार रात करीब 12 बजे बाइक से सिकंदरा तिराहे पर पिता को लेने पहुंचे थे। इसी दौरान शैलेन्द्र सिंह बस से उतरकर सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात ट्रक व चालक की तलाश शुरू कर दी है।पिता की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी नीलम और दो बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार ट्रक चालक की पहचान की जा रही है।





