---Advertisement---

खेरागढ़ में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई! कुल्हाडा पहाड़ पर ड्रोन कैमरे से निगरानी, अवैध खनन पर कसने लगा शिकंजा

Published On: November 11, 2025
---Advertisement---

जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी के निर्देश पर खनन, राजस्व, वन व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कुल्हाडा, पिपरैठा और बसई जगनेर पहाड़ों का ड्रोन सर्वे किया — अवैध खनन में लिप्त लोगों पर होगी सख्त कार्रवाई।

खेरागढ़। जिलाधिकारी आगरा अरविंद मल्लप्पा बंगारी के निर्देश पर खेरागढ़ क्षेत्र में अवैध खनन की रोकथाम के लिए प्रशासन ने एक नई पहल शुरू की है। लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर प्रशासन ने कुल्हाडा पहाड़ क्षेत्र में ड्रोन कैमरे से निगरानी अभियान चलाया, जिससे खनन स्थलों की गतिविधियों पर सटीक और बारीकी से नजर रखी जा सके।

जिलाधिकारी के आदेशानुसार, आज खनन विभाग, राजस्व विभाग, वन विभाग व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा तहसील खेरागढ़ के पत्थर खनन क्षेत्रों का ड्रोन सर्वे किया गया। इस दौरान कुल्हाडा पहाड़, पिपरैठा पहाड़ और बसई जगनेर स्थित पहाड़ों का निरीक्षण किया गया।

वरिष्ठ खनन अधिकारी मिथिलेश पांडे ने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन की लगातार सूचनाएं प्राप्त हो रही थीं। जिलाधिकारी के आदेश पर ड्रोन सर्वे कराकर उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट सौंपी जा रही है। उन्होंने कहा कि इस तकनीक से अब खनन स्थलों की सटीक जानकारी वास्तविक समय में प्राप्त होगी, जिससे अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ खनन अधिकारी मिथिलेश पांडे, उपजिलाधिकारी खेरागढ़ ऋषि राव, थाना प्रभारी खेरागढ़ मदन सिंह, क्षेत्रीय वन अधिकारी राहुल सिंह, क्षेत्रीय खनन निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा सहित थाना पुलिस बल मौजूद रहा।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को अवैध खनन व परिवहन में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

---Advertisement---

Leave a Comment