---Advertisement---

शराब ठेकों ने बढ़ाई गंदगी, नाले चोक, बदबू से लोग बेहाल

Published On: January 28, 2026
---Advertisement---

दो बार खबर छपने के बाद भी नहीं जागा प्रशासन, आंखें मूंदे बैठे जिम्मेदार

आगरा। विकास खंड खंदौली की ग्राम पंचायत खंदौली में पड़ाव चौराहे से एत्मादपुर जाने वाले मुख्य मार्ग पर शराब ठेकों के कारण फैली गंदगी अब प्रशासनिक लापरवाही और उदासीनता का खुला प्रमाण बन चुकी है। हैरानी की बात यह है कि इस गंभीर समस्या को लेकर दो बार समाचार पत्रों में खबर प्रकाशित होने के बावजूद भी जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं और जनता की परेशानी से पूरी तरह बेखबर बने हुए हैं।
देसी शराब व अंग्रेजी बीयर के ठेकों के आसपास प्रतिदिन लगने वाली अस्थायी दुकानों और ठेलों से निकलने वाला कचरा बेधड़क सड़क और नालों में फेंका जा रहा है। नालों में कूड़ा भर जाने से वे पूरी तरह चोक हो चुके हैं, जिससे पूरे इलाके में तेज दुर्गंध फैल रही है। हालात यह हैं कि यह मुख्य मार्ग अब आवाजाही का रास्ता नहीं, बल्कि गंदगी और बदबू का अड्डा बनता जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। बरसात के दिनों में जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत की ओर से न तो नियमित सफाई कराई जा रही है और न ही कचरा निस्तारण की कोई प्रभावी व्यवस्था की गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार शिकायतें की गईं, खबरें प्रकाशित हुईं, लेकिन इसके बावजूद ग्राम पंचायत और संबंधित विभागों ने आंखें और कान दोनों बंद कर रखे हैं। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि नालों की तत्काल सफाई कराई जाए, नियमित स्वच्छता व्यवस्था लागू की जाए और शराब ठेकों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के लिए ठेका संचालकों को सख्त निर्देश दिए जाएं। साथ ही स्थानीय लोगों ने आबादी क्षेत्र से शराब ठेका हटाने की भी मांग की है, ताकि गंदगी न फैले और क्षेत्र का माहौल खराब होने से बच सके।
लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र ही ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो इसके लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार अधिकारी उत्तरदायी होंगे। जनता अब केवल आश्वासन नहीं, जवाब और कार्रवाई चाहती है।

---Advertisement---

Leave a Comment