- वर पक्ष ने बुक किया था ब्यूटी पार्लर
- दुल्हन के मेकअप में देरी होने से दुल्हन के पिता गुस्सा हो गए
- दोनों पक्षों में लाठी डंडे चल गए
- पुलिस ने मामला सुलझाया
आगरा। खंदौली क्षेत्र की एक शादी में उस समय माहौल गर्म हो गया जब बारात पहुंचने के बाद मेकअप आर्टिस्ट के देर से आने से दुल्हन के मेकअप में देरी होने पर विवाद हो गया। देखते ही देखते ये विवाद मारपीट में तब्दील हो गया। दोनों पक्षों में झगड़ा शुरू हो गया। बात बढ़ती देख माहौल तनावपूर्ण हो गया। मामला पुलिस तक पहुंच गया।
दुल्हन के मेकअप के लिए वर पक्ष ने ही खंदौली के ही एक ब्यूटी पार्लर से मेकअप आर्टिस्ट को बुक किया था। बताया गया है कि मेकअप आर्टिस्ट समय पर नहीं पहुंची। जब बहुत ज्यादा देर हो गई तो दुल्हन के पिता ने आपा खो दिया। उन्होंने मेकअप में देरी के लिए वर पक्ष को भला-बुरा कहना शुरू कर दिया। इस पर दोनों पक्षों में पहले बहस हुई। गर्मागर्मी इतनी बढ़ी कि देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। वर और वधू पक्ष के लोग एक-दूसरे से गुत्थमगुत्था हो गये। लाठी-डंडे तक चल गए। इस दौरान दूल्हे का भाई भी मारपीट का शिकार हो गया।
शादी समारोह में झगड़े की सूचना मिली तो खंदौली पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों को थाने ले आई। वहां दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को आरोपित किया। इसके बाद दो घंटे तक चली पंचायत के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया और दोनों ही ओर से शादी के लिए भी हां कर दी गई। समझौते के बाद दोनों पक्ष धर्मशाला लौटे और फिर शादी की रस्में पूरी की गईं। सोमवार सुबह दुल्हन की विदाई भी हो गई।





