- बकाएदारों को ओटीएस योजना में मिल रही छूट की जानकारी दी
मलपुरा। कस्बा मलपुरा में विद्युत विभाग ने गुरुवार को बकाएदार उपभोक्ताओं के लिए लागू एकमुश्त समाधान योजना (OTS) के तहत मिलने वाली छूट के बारे में जागरूकता अभियान चलाया। अधिकारियों ने बताया कि योजना का उद्देश्य उपभोक्ताओं को उनके लंबित बिजली बिलों के भुगतान पर अधिभार (सर्चार्ज) और मूलधन में दी जा रही छूट की जानकारी देना है। ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
अधिकारियों के अनुसार ओटीएस/बिजली बिल राहत योजना 2025-26 के तहत उपभोक्ताओं को लेट पेमेंट सर्चार्ज में 100% तक छूट तथा मूल बकाया राशि पर भी चरणबद्ध तरीके से राहत मिल सकती है। योजना के पहले चरण में अधिक छूट प्रदान की जाती है।
राज्य के अन्य जिलों की तरह स्थान-स्थान पर जागरूकता रैली भी निकाली गई। विभागीय टीम ने ढोल-नगाड़ों और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से लोगों को योजना की शर्तों और लाभ के बारे में जानकारी दी। उपभोक्ता अपने नजदीकी विद्युत कार्यालय, उपकेंद्र या फिनटेक एजेंसियों जैसे सरल ई-कॉमर्स और सहज रिटेल के माध्यम से योजना में पंजीकरण करा सकते हैं।
अभियान में एसडीओ शीलवंत सिंह, जेई धर्मेंद्र कुमार, टीजी-2 भूपेंद्र बघेल, टीजी-2 अनिल कुमार, लाइनमैन श्रीभगवान बघेल, डोरी लाल, जगवीर, चौबसिंह यादव, पेटरमैन योगेश, विष्णु, रोहताश, ओमकर और हरिशंकर सहित कई विद्युत कर्मचारी मौजूद रहे।





